सिरसी में वायरल का कहर: 400 से अधिक लोग बीमार, निजी डॉक्टरों के भरोसे इलाज
स्वदेशी टाइम्स, सिरसी(संभल): संभल के नगर पंचायत सिरसी में बुखार का प्रकोप तेजी से फैल रहा है। करीब 400 लोग पीड़ित हैं, जिनमें सबसे अधिक बच्चे शामिल हैं। कई परिवारों में एक साथ लोग बीमार पड़ गए हैं। सबसे ज्यादा प्रभावित क्षेत्र मिठौली रोड स्थित मोहल्ला शर्की है। जहां लगभग हर घर में लोग बुखार से तप रहे हैं।
करीब 50 हजार की आबादी वाली नगर पंचायत सिरसी में बुखार का प्रकोप बढ़ा है। लगभग हर घर में लोग बुखार से पीड़ित हैं और इनकी संख्या तकरीबन 400 है। चूंकि स्वास्थ्य विभाग की ओर से शिविर नहीं लगाया गया है तो पीड़ित सिरसी और महमूदपुर माफी में निजी डॉक्टरों से इलाज कराने के लिए मजबूर हैं।
स्वास्थ्य विभाग की उदासीनता के चलते लोगों में रोष पनप रहा है। सिरसी में जिन लोगों को बुखार ने जकड़ा हुआ है इनमें ज्यादातर बच्चे हैं। बुखार के साथ-साथ उल्टी की भी शिकायत है। बुखार इतनी तेजी से फैल रहा है कि एक ही परिवार के एक के बाद एक तीन से चार लोग बुखार से पीड़ित हो गए हैं।
