चारधाम यात्रा: भगवान कुबेर और उद्धव की डोली हुई प्रस्थान
स्वदेशी टाइम्स, चारधाम यात्रा: ज्योर्तिमठ (चमोली) पांडुकेश्वर स्थित योग ध्यान बदरी में रात्रि विश्राम के बाद मंगलवार को भगवान कुबेर व उद्धव की डोली, आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दी और गाडू घड़ा तेल कलश यात्रा विधिवत रूप से बदरीनाथ धाम के लिए रवाना हुई। प्रस्थान से पूर्व नृसिंह मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना संपन्न की गई।
इसके बाद धार्मिक परंपराओं के अनुसार यात्रा आगे बढ़ी, जिसमें बदरीनाथ के रावल भी मौजूद रहे। इस दौरान बदरी विशाल के भजनों की गूंज और सेना के बैंड व महिलाओं की भक्ति धुनों ने माहौल को पूरी तरह आध्यात्मिक बना दिया।
अब आगामी 23 अप्रैल को विधि-विधान के साथ बदरीनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोले जाएंगे।
