स्वदेशी टाइम्स, प्रतापगढ़ में दर्दनाक हादसा: प्रतापगढ़ जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। कंधई थाना क्षेत्र के शाल्हीपुर कंजास गांव में तालाब में नहाने गए तीन सगे भाई-बहनों की डूबने से मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, विजय बहादुर यादव के तीन बच्चे—12 वर्षीय बेटी, 8 वर्षीय बेटा और 5 वर्षीय छोटा बेटा—सोमवार को घर के सामने स्थित तालाब में नहाने गए थे। नहाते समय तीनों बच्चे अचानक गहरे पानी में चले गए और बाहर नहीं निकल सके।
जब काफी देर तक बच्चे घर नहीं लौटे तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। आसपास के लोगों की मदद से तालाब में तलाशी अभियान चलाया गया। कुछ समय बाद तीनों बच्चों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
एक ही परिवार के तीन मासूम बच्चों की मौत से कोहराम मच गया है। माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि परिवार में कुल चार बच्चे थे, जिनमें सबसे छोटा केवल 8 माह का है।
इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोग भी इस हादसे से गहरे सदमे में हैं। तीनों बच्चे गांव के ही प्राथमिक विद्यालय कंजास में पढ़ते थे।
यह हादसा पूरे क्षेत्र को झकझोर देने वाला है और एक बार फिर तालाब और खुले जलस्रोतों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर गया है।