ब्रेकिंग_न्यूज: कांकेर में राइस मिल धधकी, आग ने मचाया तांडव
स्वदेशी टाइम्स, ब्रेकिंग_न्यूज : कांकेर जिले के कुलगांव में मंगलवार को अजीबी एग्रो राइस मिल में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है, हालांकि शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट की बताई जा रही है।
इस हादसे में बड़ी मात्रा में धान, चावल और खाली बारदाने जलकर खाक हो गए। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की गई।
राइस मिल के मालिक मोहम्मद आवेश भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने बताया कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी हो सकती है। उन्होंने कहा कि नुकसान का अभी सही आकलन नहीं किया जा सका है, लेकिन काफी बड़ा नुकसान हुआ है। आग का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें धान के बोरों में लगी भयानक आग दिखाई दे रही है।
