भीषण गर्मी में बदला यूपी के स्कूलों का समय, चार घंटे क्लास की उठी मांग
स्वदेशी टाइम्स, बदला यूपी के स्कूलों का समय : उत्तर प्रदेश में पड़ रही तेज गर्मी और लू को देखते हुए बेसिक शिक्षा विभाग ने स्कूलों के समय में बदलाव कर दिया है। अब परिषदीय विद्यालय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक खुलेंगे, जबकि पढ़ाई 12:30 बजे तक ही होगी। पहले ये स्कूल सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलते थे।
नए शेड्यूल के अनुसार, सुबह 7:30 से 7:40 बजे तक प्रार्थना सभा और योग होगा, जबकि 10 से 10:15 बजे तक मध्यावकाश रहेगा। शिक्षक और अन्य स्टाफ दोपहर 1:30 बजे तक विद्यालय में रहकर शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्य करेंगे।
इस बीच, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने मांग उठाई है कि गर्मियों में स्कूलों की अवधि केवल 4 से 4.5 घंटे और सर्दियों में 5 घंटे रखी जाए। संगठन का कहना है कि ज्यादा देर तक स्कूल चलने से बच्चों के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर नकारात्मक असर पड़ता है।
प्रदेश में बढ़ती गर्मी को देखते हुए मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक राहत न मिलने की चेतावनी दी है। कई जिलों में लू चलने और कुछ जगहों पर गर्म रातें रहने की संभावना जताई गई है।
तापमान की बात करें तो प्रयागराज 44.4 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा, जबकि वाराणसी भी 44 डिग्री के करीब पहुंच गया।
