डंपर: जिंदगी को रौंद रहे डंपर, आए दिन हो रहे हादसे; लोग गवां रहे अपनी जान
स्वदेशी टाइम्स, ऊधम सिंह नगर: ऊधमसिंह नगर जिले की सड़कों पर काल बनकर दौड़ रहे डंपर, कैंटर और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की चपेट में आकर कई लोग आए दिन अपनी जान गवां रहे हैं। आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2024 से अप्रैल 2025 तक डंपर और कैंटरों से हुए 74 दुर्घटनाओं में 54 लोगों ने जान गंवाई है।
27 अप्रैल को रंपुरा निवासी आरती की शादी की 14वीं सालगिरह थी। सुबह वह पति नवल गुप्ता के साथ पूजा के लिए अटरिया मां के मंदिर में गई थी। मंदिर में मत्था टेककर दंपती ने परिवार की सुख समृद्धि की कामना की और फिर बाइक से घर को लौटने लगे। रुद्रपुर के डीडी चौक पर तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। सड़क पर गिरी आरती खुद को संभाल पाती इससे पहले ही डंपर ने उसे कुचल दिया।
ऊधमसिंह नगर जिले की सड़कों पर काल बनकर दौड़ रहे डंपर, कैंटर और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की चपेट में आकर आरती की तरह ही कई लोग आए दिन अपनी जान गवां रहे हैं। तेज रफ्तार डंपरों के टायरों से कई परिवारों की खुशियां कुचल गईं। बच्चों से मां का आंचल और पिता का साया छीन चुके ये वाहन बेरोकटोक सड़कों पर रफ्तार भर रहे हैं। आंकड़ों की बात करें तो वर्ष 2024 से अप्रैल 2025 तक डंपर और कैंटरों से हुए 74 दुर्घटनाओं में 54 लोगों ने जान गंवाई है। ट्रैक्टर-ट्रॉलियां भी हादसे का कारण बन रही हैं।
