केदारनाथ धाम के कपाट खुले, “हर-हर महादेव” से गूंजा पूरा परिसर

केदारनाथ धाम के कपाट खुले, “हर-हर महादेव” से गूंजा पूरा परिसर

स्वदेशी टाइम्स, केदारनाथ धाम : केदारनाथ धाम में आस्था का महासंगम देखने को मिला, जब पवित्र कपाट खुलते ही पूरा परिसर “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा। सुबह ठीक 8 बजे शुभ मुहूर्त में विधि-विधान के साथ बाबा केदार के द्वार श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए और इसके साथ ही इस वर्ष की केदारनाथ यात्रा का शुभारंभ हो गया।

भव्य फूलों से सजे धाम की छटा देखते ही बन रही थी। करीब 51 कुंतल फूलों से सजे मंदिर परिसर ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। देश-विदेश से पहुंचे हजारों भक्त इस दिव्य क्षण के साक्षी बने और भगवान शिव की भक्ति में लीन नजर आए।

कपाट खुलने से एक दिन पहले बाबा केदार की पंचमुखी डोली ऊखीमठ से केदारनाथ पहुंची। कठिन पहाड़ी रास्तों से गुजरते हुए डोली जैसे ही धाम पहुंची, श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया। पूरे वातावरण में भक्ति, उत्साह और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला।

इस खास अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी धाम पहुंचकर पूजा-अर्चना की और राज्य की खुशहाली की कामना की। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्रद्धालुओं को संदेश देते हुए स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सेवा भाव जैसे पांच संकल्प अपनाने की अपील की।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के बीच पुलिस और आईटीबीपी के जवान हर जगह तैनात रहे। मंदिर परिसर में बजते डमरू और भजनों की धुनों ने पूरे माहौल को शिवमय बना दिया।

कपाट खुलने के साथ ही अब केदारनाथ यात्रा पूरी तरह शुरू हो चुकी है, और आने वाले दिनों में लाखों श्रद्धालुओं के यहां पहुंचने की संभावना है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *