महिला आरक्षण: उत्तराखंड में महिला आरक्षण को लेकर कांग्रेस का धरना प्रदर्शन
स्वदेशी टाइम्स, महिला आरक्षण: उत्तराखंड में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की मांग को लेकर कांग्रेस ने प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में विधानसभा भवन के निकट एक दिवसीय धरना आयोजित किया गया, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
धरने को संबोधित करते हुए गणेश गोदियाल ने आरोप लगाया कि सरकार महिला आरक्षण के मुद्दे पर लोगों को भ्रमित कर रही है। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक का कांग्रेस समर्थन करती रही है, लेकिन इसे परिसीमन से जोड़कर जटिल बना दिया गया है।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि कांग्रेस महिला आरक्षण के पक्ष में पहले भी थी और आगे भी मजबूती से खड़ी रहेगी। उन्होंने मांग की कि परिसीमन के मुद्दे को अलग करके लोकसभा में जल्द सत्र बुलाकर महिला आरक्षण विधेयक पारित किया जाए।
रावत ने कहा कि उनकी पार्टी चाहती है कि 2027 से लोकसभा, विधानसभा और राज्यसभा में मौजूदा सीटों के आधार पर ही महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जाए। उन्होंने यह भी दावा किया कि 2010 में कांग्रेस के समय राज्यसभा में महिला आरक्षण विधेयक पारित हो चुका था और लोकसभा में भी सहमति की स्थिति बनी हुई थी।
