स्वदेशी टाइम्स, चंदौली: चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र के कमलापुर–इकावनी गांव के पास गुरुवार को पानी की टंकी के समीप एक अज्ञात युवक का जला हुआ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मौके पर जफरपुर चौकी प्रभारी सतीश चंद्र सिंह, अलीनगर थाना पुलिस और क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। बाद में पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल भी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के निर्देश दिए।
पुलिस के मुताबिक, मृतक की उम्र लगभग 35 वर्ष के आसपास बताई जा रही है। शव काफी हद तक जल चुका है, हालांकि चेहरा आंशिक रूप से सुरक्षित होने के कारण पहचान की संभावना बनी हुई है। शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और आशंका जताई जा रही है कि हत्या के बाद सबूत मिटाने के लिए शव को जलाया गया हो सकता है।
फॉरेंसिक टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पहचान के लिए आसपास के जिलों में तस्वीरें साझा की गई हैं। साथ ही गुमशुदगी की रिपोर्टों से भी मिलान किया जा रहा है और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।
एसपी आकाश पटेल ने बताया कि शव की पहचान अभी नहीं हो सकी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल पाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी के पास कोई जानकारी हो तो वह तुरंत पुलिस को सूचित करें।