सिरसी में वायरल का कहर: 400 से अधिक लोग बीमार, निजी डॉक्टरों के भरोसे इलाज

Spread the love

स्वदेशी टाइम्स, सिरसी(संभल): संभल के नगर पंचायत सिरसी में बुखार का प्रकोप तेजी से फैल रहा है। करीब 400 लोग पीड़ित हैं, जिनमें सबसे अधिक बच्चे शामिल हैं। कई परिवारों में एक साथ लोग बीमार पड़ गए हैं। सबसे ज्यादा प्रभावित क्षेत्र मिठौली रोड स्थित मोहल्ला शर्की है। जहां लगभग हर घर में लोग बुखार से तप रहे हैं।

करीब 50 हजार की आबादी वाली नगर पंचायत सिरसी में बुखार का प्रकोप बढ़ा है। लगभग हर घर में लोग बुखार से पीड़ित हैं और इनकी संख्या तकरीबन 400 है। चूंकि स्वास्थ्य विभाग की ओर से शिविर नहीं लगाया गया है तो पीड़ित सिरसी और महमूदपुर माफी में निजी डॉक्टरों से इलाज कराने के लिए मजबूर हैं।

स्वास्थ्य विभाग की उदासीनता के चलते लोगों में रोष पनप रहा है। सिरसी में जिन लोगों को बुखार ने जकड़ा हुआ है इनमें ज्यादातर बच्चे हैं। बुखार के साथ-साथ उल्टी की भी शिकायत है। बुखार इतनी तेजी से फैल रहा है कि एक ही परिवार के एक के बाद एक तीन से चार लोग बुखार से पीड़ित हो गए हैं।
सबसे अधिक बुखार का प्रकोप मिठौली रोड पर स्थित मोहल्ला शर्की की कालोनी में है। यहां लगभग हर घर में लोग बुखार से तप रहे हैं। मोहल्ला शर्की के भूरा के बेटे अली नवाब को करीब नौ दिन से बुखार आ रहा है। इसका इलाज गांव महमूदपुर माफी के निजी अस्पताल में चल रहा है।

यहीं के यावर अब्बास के आठ वर्षीय बेटे अली अस्फी को सात दिन से बुखार ने जकड़ा हुआ है। इनके छोटे भाई अयान और फूफा के बेटे मो. आदिल और मो.जाफर, ताऊ तनवीर अब्बास भी बुखार से पीड़ित हैं। अजीम अब्बास सहित चार लोग बुखार से जूझ रहे हैं।

अजीम अब्बास के चाचा का बेटा मोहम्मद, दूसरे चाचा की बेटी मासूमा और जेबा भी बुखार से पीड़ित हैं। सात दिन से बुखार आने पर इनका इलाज भी गांव महमूदपुर माफी के अस्पताल में चल रहा है। स्वालेहा पत्नी दिलशाद हुसैन, छह वर्षीय बेटे अली गाजी को चार दिन से बुखार आ रहा है।

परिजनों ने बताया कि बुखार से पीड़ित इरशाद हुसैन की हालत गंभीर है। मोहल्ला शर्की में ही रेहान, मन्तशा, राहिब, अब्बास सय्यदा, अम्बर आदि सहित 400 लोग बुखार की चपेट में हैं। बुखार से पीड़ित लोग सिरसी के अस्पतालों में इलाज करा रहे हैं। इतना ही नहीं, कुछ लोगों को घरों में ही इलाज चल रहा है।फागिंग न होने से बढ़ा मच्छरों का प्रकोप

बुखार फैलने की एक वजह फागिंग नहीं होना भी बताया जा रहा है। लोगों का कहना है कि नगर पंचायत की ओर से करीब तीन महीने पहले फागिंग कराई गई थी। भीषण गर्मी के बाद बरसात का मौसम चल रहा है। इसके कारण मच्छर पनप रहे हैं और बुखार भी तेजी से फैल रहा है। ईओ डॉ. मणिभूषण तिवारी ने कहा कि लगातार फागिंग कराई जा रही है। अगर प्रकोप का बुखार है तो फागिंग और ज्यादा कराई जाएगी।

सिरसी में बुखार फैलने की जानकारी नहीं हो सकी। बुखार को लेकर शुक्रवार को सिरसी में शिविर लगवाया जाएगा। शिविर में मरीजों की जांचें करते हुए इलाज शुरू कराएंगे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *