‘मैंने जहर पी लिया… बस चंद सांसें बची हैं’, लापता युवक ने बताया क्यों उठाया ऐसा कदम
स्वदेशी टाइम्स, बरेली: बरेली के शाही थाना क्षेत्र में एक युवक ऑनलाइन गेम में हजारों रुपये हार गया। उसने घर के जेवर भी बेच डाले। अब उसका एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह जहर पीने की बात कह रहा है।
बरेली के शाही थाना क्षेत्र के दुनका कस्बा निवासी युवक ने खेत में बैठकर एक वीडियो बनाया, जिसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। उसमें वह बता रहा है कि उसने जहर खा लिया है। ऑनलाइन गेम में वह काफी रुपया हार चुका है। उसके दोस्तों ने उसे इसकी लत लगवाई और फिर उधार रुपये भी दिलवाए। साथ ही उसने अपने परिवार की महिलाओं का जेवर भी बेच दिए। पुलिस अब युवक की तलाश कर रही है। पता लगा है कि वह अपना मोबाइल घर छोड़ गया था, जबकि पत्नी का फोन ले जाकर वीडियो बनाया था। उसके घरवाले भी परेशान हैं।
ऑनलाइन गेम में हारे रुपये
दुनका कस्बा निवासी मोहम्मद हसीब (25 वर्ष) पुत्र रहीश अहमद बृहस्पतिवार को घर से अचानक लापता हो गया। युवक अपने आठ भाइयों में पांचवें नंबर का है। आठ महीने पहले ही शीशगढ़ निवासी युवती के साथ उसका निकाह हुआ था। पत्नी गर्भवती है। शुक्रवार को हसीब का वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वह जहर पीने की बात कह रहा है। वीडियो में युवक किसी खेत में बैठा दिखाई दे रहा है। वह बताता है कि ऑनलाइन गेम में वह काफी रुपये हार चुका है। उसकी संगत गलत रही, जिससे वह ऑनलाइन गेम के चक्कर में फंस गया। फिर कई गलती कर बैठा।
‘कहा-सुना माफ करना…’
तीन मिनट 11 सेकेंड के वीडियो के आखिर में कहता है कि कहा-सुना माफ करना और फिर रो पड़ता है। यह वीडियो वायरल होने के बाद उसके भाई नदीम अहमद ने थाने में तहरीर देकर हसीब को बरामद करने की गुहार लगाई। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर ली। परिवार, रिश्तेदार एवं पुलिस उसकी तलाश में लगी है लेकिन अभी तक उसका कोई पता नहीं चला है। परिजन को अनहोनी की चिंता सता रही है।
