नागालैंड के राज्यपाल नंदकिशोर यादव ने अयोध्या में किए रामलला दर्शन
स्वदेशी टाइम्स, नागालैंड: नागालैंड के राज्यपाल नंदकिशोर यादव बुधवार को अयोध्या पहुंचे, जहां उन्होंने हनुमानगढ़ी और श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में दर्शन-पूजन किया। रामलला के दर्शन के बाद उन्होंने कहा कि राम मंदिर आस्था, गौरव और राष्ट्रीय चेतना का प्रतीक है।
मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि भगवान राम उनके लिए पाहुन (अतिथि देव) के समान हैं, इसलिए वे अपने “पाहुन के घर” दर्शन के लिए आए हैं। उन्होंने अयोध्या यात्रा को एक दिव्य अनुभव बताया।
राज्यपाल ने आगे कहा कि भगवान श्रीराम केवल धार्मिक आस्था के केंद्र नहीं, बल्कि मर्यादा, कर्तव्य और त्याग जैसे मूल्यों के आदर्श हैं। उनके अनुसार, लगभग 500 वर्षों के लंबे संघर्ष के बाद भव्य राम मंदिर का निर्माण पूरे देश के लिए गर्व की बात है और यह करोड़ों लोगों की भावनाओं का सम्मान करता है।
उन्होंने यह भी कहा कि राम स्वरूप में माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान भारतीय संस्कृति, परिवार व्यवस्था और समर्पण की भावना को दर्शाते हैं। साथ ही उन्होंने नई अयोध्या को आध्यात्मिकता, संस्कृति और विकास का संगम बताया, जहां आकर हर भारतीय को गर्व और आत्मीयता का अनुभव होता है।
