शेविंग करने से इनकार करना पड़ा भारी, दुकान से बाहर खींचकर चेहरे पर ब्लेड से किए वार
स्वदेशी टाइम्स, पूर्वी दिल्ली : घोंडा में एक नाई को एक शख्स की शेविंग करने से इनकार करना भारी पड़ गया। इससे नाराज होकर उस शख्स ने सैलून से ब्लेड उठाकर नाई के चेहरे पर वार कर दिए। आरोपी नाई को लहूलुहान करके आरोपित फरार हो गया।
पुलिस ने घायल कासिम को इलाज के लिए जग प्रवेश चंद अस्पताल में भर्ती करवाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी। उसकी शिकायत पर जाफराबाद थाना ने प्रवीण नाम के व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी की है।
रात को सैलून पर आया आरोपी
कासिम अपने परिवार के साथ उस्मानपुर में रहता है। उसने घोंडा में अपना सैलून खोला हुआ है। रविवार रात को पीड़ित अपना सैलून बंद कर रहा था। तभी वहां पड़ोस में रहने वाला प्रवीण आया और पीड़ित से शेविंग करने के लिए कहने लगा।
दुकान से बाहर खींचकर मारा ब्लेड
उसने शेविंग करने से इनकार कर दिया, इस पर आरोपित ने दुकान से ब्लेड उठाया और पीड़ित को बाहर खींचकर उसके चेहरे पर वार कर दिए। वारदात के अगले दिन पुलिस ने आरोपित को घोंडा से गिरफ्तार कर लिया।
