कानून जानने वाली एएसआई ने की हैरान करने वाली हरकत, पोती को गेट से बांधा

स्वदेशी टाइम्स, फरीदकोट: फरीदकोट में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां डोगर बस्ती में रहने वाली महिला एएसआई सरबजीत कौर, जो सदर थाने में महिला मित्र विंग में कार्यरत है, पर अपनी 5 वर्षीय पोती के साथ कथित दुर्व्यवहार का आरोप लगा है।

जानकारी के अनुसार, बच्ची की शरारतों से परेशान होकर महिला ने उसे कथित तौर पर घर के गेट से बांध दिया। इस दौरान बच्ची काफी देर तक धूप में रोती रही। घटना का वीडियो स्थानीय लोगों द्वारा बनाया गया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

वीडियो सामने आने के बाद एसएसपी डॉ. प्रज्ञा जैन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित महिला एएसआई को तुरंत सस्पेंड कर दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार, बच्ची के रोने की आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और स्थिति देखी।

बताया जा रहा है कि बच्ची के माता-पिता विदेश में रहते हैं और उसकी देखभाल दादी ही करती है। वहीं, कुछ लोगों का कहना है कि बच्ची अक्सर घर से बाहर खेलने निकल जाती थी।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई के लिए इसे बाल कल्याण समिति को भेज दिया गया है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *