अपनादल अनुप्रिया गुट के बागी नेता आज लखनऊ में कर सकते हैं नए संगठन की घोषणा; बगावत करने वालों में कई दिग्गज

Spread the love

स्वदेशी टाइम्स, कानपुर : अपनादल अनुप्रिया गुट के बागी नेता आज लखनऊ में नए संगठन की घोषणा कर सकते हैं। अपना मोर्चा बनाने की योजना है। बगावत करने वालों में पार्टी के कई दिग्गज नाम शामिल हैं। बागी नेता अभी तक दो बैठकें कर चुके हैं। घोषणा के बाद दिल्ली में भाजपा संघ समन्वयक अरुण कुमार से भी मिलेंगे।

राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के उत्तर प्रदेश में अहम सदस्य अपनादल सोनेलाल के अनुप्रिया पटेल गुट में फिर से आपसी कलह शुरू हो गई है। पार्टी के पूर्व पदाधिकारी बृजेंद्र सिंह की अगुवाई में 2017 से अभी तक पार्टी से अलग हुए और वर्तमान में पार्टी की नीतियों से नाराज नेता एक नए दल के रूप में एकजुट होकर सियासी मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे हैं।

सूत्रों का कहना है कि लखनऊ में अबतक हुई दो बैठकों के बाद इसकी तैयारी पूरी हो चुकी है। पहली जुलाई को लखनऊ में प्रस्तावित बैठक में इसका आधिकारिक एलान हो सकता है। इस नए संगठन का नाम अपना मोर्चा प्रस्तावित है।

खास बात यह है कि यह मोर्चा भी एनडीए के साथ रहकर आगे होने वाले चुनावों में अपनी भागीदारी करेगा। सूत्रों का यह भी कहना है कि मोर्चा की घोषणा के अगले दिन लखनऊ में प्रदेश स्तरीय सम्मेलन भी किया जाएगा। इसके बाद संगठन के सदस्य दिल्ली जाकर भाजपा और संघ के समन्वयक की भूमिका निभा रहे सह सर कार्यवाह अरुण कुमार से मिलेंगे।

संयोजक बृजेंद्र सिंह का दावा है कि पार्टी के 9 विधायक उनके संपर्क में हैं जिसमें तीन सेंट्रल यूपी और बाकी पूर्वांचल से हैं। इसके अलावा अनुप्रिया गुट के पांच महासचिवों से भी बातचीत अंतिम दौर में है। कोशिश यह है कि 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी को खड़ा कर लिया जाए ताकि चुनावों में अपनी हिस्सेदारी के लिए दावा ठोका जा सके।

पांचवीं टूट के बाद अस्तित्व पर खतरा
अपना मोर्चा के रूप में अपनादल सोनेलाल अनुप्रिया गुट में छठवीं बार टूट होने जा रही है। विरोधियों का दावा है कि इस बार जितने बड़े स्तर पर बगावत का दावा किया जा रहा है, उसके बाद पार्टी के अस्तित्व पर खतरा पैदा हो जाएगा। पहली टूट टिकट वितरण में खामियों का आरोप लगाते हुए धर्मराज पटेल के नेतृत्व हुई थी।
पटेल ने अपना दल बलिहारी नाम से नया दल गठित किया था। इसके बाद पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रहे पूर्व विधायक डॉ. आरके वर्मा ने फैंस एसोसिएशन बनाया था। इसी तरह वाराणसी के सेवापुरी से विधायक रहे नील रतन ने 2019 लोकसभा चुनाव से पहले पार्टी से अलग होकर सोनेलाल पटेल किसान संगठन नाम से नया दल बना लिया।
फिर पार्टी के अनुसूचित जनजाति के नेता रहे सोनभद्र के हरीराम चेरो ने अपनादल का साथ छाेड़ ऑल इंडिया चेरो समाज नाम से अलग संगठन बना लिया।
ये भी झटका देने की तैयारी में
पार्टी के वर्तमान कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष पटेल और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल की कोर टीम के मेंबर रहे बृजेंद्र प्रताप सिंह पटेल के अलावा भी कई नेता पार्टी छोड़ने के बाद से अपनी सियासी जमीन तलाशने में जुटे हैं।
अपना दल युवा मंच के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत चाैधरी, अमर सिंह चाैधरी, कोल समाज से आने वाले पूर्व सांसद पकाैड़ी लाल, प्रतापगढ़ के पूर्व विधायक राजकुमार पाल भी पार्टी छोड़ चुके हैं। वर्तमान में सभी अपने-अपने संगठन तैयार कर पार्टी को और झटका देने की कोशिश में हैं।
अपना दल सोनेलाल के अनुप्रिया गुट से बड़ी संख्या में लोग टूटकर अलग हो रहे हैं। इन सभी के साथ एक नए संगठन अपना मोर्चा का गठन होने जा रहा है। इसकी घोषणा पहली जुलाई को लखनऊ में होगी। मोर्चा एनडीए के साथ मिलकर काम करने के लिए संघ व भाजपा समन्वयक से मुलाकात करेगा।
अपनामोर्चा की घोषणा के बाद दो जुलाई को प्रदेश स्तरीय बैठक होगी, जिसमें बागी नेताओं के अलावा अपनादल सोनेलाल पटेल अनुप्रिया गुट के भी कई प्रमुख लोग अपना मोर्चा के मंच पर पहुंचेंगे। अभी कई ऐसी बातें भी हैं, जो एक जुलाई को बताई जाएंगी।– 
पार्टी से अलग होकर किसी के नए संगठन बनाने की कोई जानकारी हमारे पास नहीं है। न ही किसी पदाधिकारी की ओर से संगठन को लेकर कोई नाराजगी जाहिर की गई है। अगर कोई बात होगी तो उसे बैठकर सुलझा लिया जाएगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *