आईफोन के लिए युवक की हत्या, शादी में शामिल में शामिल होने आया था मृतक

Spread the love

स्वदेशी टाइम्स, बहराइच : उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में पुलिस ने शादी में शामिल होने के लिए एक युवक की हत्या के संबंध में दो नाबालिगों समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, कोतवाली देहात क्षेत्र के नगरौर गांव में विवाह समारोह में शामिल होने के लिए बेंगलुरु से आए शादाब (19) की गांव के ही 14 और 16 वर्षीय दो नाबालिगों ने कथित रूप से एप्पल फोन छीनने के मकसद से 20 जून को गला रेतकर हत्या कर दी और फिर उसके सिर को ईंट से कुचल दिया।

दो नाबालिगों सहित चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

पुलिस ने बताया कि दोनों नाबालिगों सहित चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है। पुलिस के अनुसार, दोनों नाबालिगों को हिरासत में लेकर सरंक्षण गृह भेज दिया गया जबकि एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) रामानंद प्रसाद कुशवाहा ने शनिवार को बताया कि नगरौर गांव निवासी शादाब (19) कर्नाटक के बेंगलुरु में रहता था और अपने मामा के विवाह समारोह में शामिल होने के लिए गांव आया हुआ था।

गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कर तलाश शुरू

उन्होंने बताया कि 21 जून को पुलिस को सूचना मिली कि शादाब एक दिन पहले लापता हो गया है, जिसके बाद गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कर तलाश शुरू की गयी और गांव के बाहर एक खंडहर नुमा ट्यूबवेल के पास से युवक का शव बरामद कर लिया गया। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर युवक की हत्या में शामिल दोनों नाबालिगों और उनके परिजन जुल्फिकार अहमद उर्फ रेहान और उबेद अहमद उर्फ राजू नेता के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) (योजनाबद्ध हत्या) व 238 (साक्ष्य छिपाना) के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर लिया।

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक, “हिरासत में लिए गए दोनों नाबालिगों को गोंडा स्थित मंडलीय किशोर सुधार गृह भेज दिया गया और जुल्फिकार अहमद उर्फ रेहान को शुक्रवार को जेल भेज दिया गया।” पुलिस ने बताया कि आरोपी उबैद अहमद उर्फ राजू नेता की तलाश जारी है और शीघ्र ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *