लखनऊ में होमगार्ड परीक्षा के दौरान अभूतपूर्व सख्ती, अभ्यर्थी हुए परेशान
स्वदेशी टाइम्स, लखनऊ: उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित होमगार्ड भर्ती परीक्षा के अंतिम दिन लखनऊ के परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था देखने को मिली। केंद्रों के बाहर भारी पुलिस बल तैनात रहा और प्रवेश से पहले सख्त चेकिंग की गई। अभ्यर्थियों को जूते, बेल्ट और घड़ियां उतारकर परीक्षा कक्ष में प्रवेश करना पड़ा। यहां तक कि महिला अभ्यर्थियों के मंगलसूत्र, पायल, कान की बाली और अन्य धातु के आभूषण भी उतरवाए गए, जिससे कई जगह असहज स्थिति उत्पन्न हो गई।
हरदोई से आई एक परीक्षार्थी सरिता देवी सहित कई महिलाओं ने इस पर आपत्ति जताई, लेकिन सुरक्षा नियमों का हवाला देते हुए उनकी बात नहीं मानी गई। अभ्यर्थियों को अपने आभूषण परिजनों को बाहर सौंपने पड़े। वहीं, मोबाइल फोन, पेन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान ले जाने पर पूरी तरह रोक रही, केवल आवश्यक दस्तावेजों के साथ ही प्रवेश की अनुमति दी गई।
दूर-दराज जिलों जैसे गाजीपुर, गोरखपुर, मऊ और देवरिया से आए अभ्यर्थियों को 300 से 400 किलोमीटर दूर सेंटर मिलने पर नाराजगी भी जताई गई। उनका कहना था कि इससे आर्थिक बोझ और थकान दोनों बढ़े।
दिल्ली में हीटवेव से निपटने की तैयारियों की उपराज्यपाल ने की समीक्षा
परीक्षा के प्रश्नपत्र को लेकर भी असंतोष दिखा। अभ्यर्थियों के अनुसार प्रश्नों का स्तर उपनिरीक्षक (SI) भर्ती जैसा कठिन था, जिसमें सामान्य ज्ञान, हिंदी, विज्ञान, इतिहास और भूगोल से जुड़े सवाल शामिल थे। अधिकांश प्रश्न जटिल होने के कारण समय पर हल करना मुश्किल हो गया।
