स्वदेशी टाइम्स, दिल्ली : दिल्ली में बढ़ती गर्मी को देखते हुए उपराज्यपाल ने हीट एक्शन प्लान 2026 की तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी जरूरी कदम एक सप्ताह के भीतर प्रभावी रूप से जमीन पर लागू किए जाएं।
एक उच्चस्तरीय बैठक में उपराज्यपाल ने स्पष्ट कहा कि इस पूरे अभियान में जिला मजिस्ट्रेटों की भूमिका बेहद अहम होगी। उन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और मजदूरों जैसे संवेदनशील वर्गों की सुरक्षा पर ध्यान देने को कहा है। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर गर्मी से राहत देने के लिए पानी, छाया और प्राथमिक उपचार जैसी सुविधाओं को तुरंत मजबूत करने पर जोर दिया गया।
बैठक में यह भी तय हुआ कि सभी संबंधित विभाग मिलकर काम करेंगे ताकि हीटवेव से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। जागरूकता अभियान को तेज करने और जरूरी व्यवस्थाओं को तेजी से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।
उपराज्यपाल ने यह भी कहा कि भीषण गर्मी में पशु-पक्षियों के लिए भी पानी और राहत की उचित व्यवस्था की जाए, ताकि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
राजधानी के स्कूलों में हड़कंप, पुलिस जांच में नहीं मिला कुछ संदिग्ध
अधिकारियों को चेतावनी दी गई कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और पूरे अभियान की लगातार निगरानी की जाएगी, जिससे आने वाले दिनों में इसके सकारात्मक परिणाम जमीन पर दिखाई दें।