Haridwar के सिडकुल में GST विभाग की बड़ी कार्रवाई, 4 कंपनियों पर छापा

Spread the love

स्वदेशी टाइम्स, हरिद्वार : Haridwar के औद्योगिक क्षेत्र सिडकुल में राज्य कर विभाग ने कर चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार कंपनियों पर छापेमारी की। जांच के दौरान अधिकारियों को जीएसटी अपवंचन, अवैध इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) और सर्कुलर ट्रेडिंग से जुड़े गंभीर मामले मिले। कार्रवाई के दौरान विभाग ने मौके पर ही 2 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूल किया और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने कब्जे में ले लिए।

जांच में सामने आईं कई अनियमितताएं

राज्य कर विभाग की विशेष अनुसंधान शाखा की टीम ने बुधवार को सिडकुल स्थित चार कंपनियों में एक साथ सर्वे और जांच अभियान चलाया। ये कंपनियां प्लास्टिक दाना उत्पादन और ट्रेडिंग के कारोबार से जुड़ी हैं। जांच के दौरान स्टॉक और वित्तीय रिकॉर्ड का मिलान किया गया, जिसमें कई बड़ी विसंगतियां सामने आईं। अधिकारियों के अनुसार कंपनियां फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट का लाभ लेकर कर भुगतान को बेहद कम या शून्य दिखा रही थीं।

सर्कुलर ट्रेडिंग के जरिए बढ़ाया जा रहा था कारोबार

राज्य कर उपायुक्त कार्तिकेय वर्मा ने बताया कि जांच के लिए चार विशेष टीमों का गठन किया गया था, जिनमें 12 अधिकारी शामिल थे। जांच में पता चला कि चारों कंपनियां आपस में सर्कुलर ट्रेडिंग कर अपने कारोबार का टर्नओवर कृत्रिम रूप से बढ़ा रही थीं। इसके अलावा खरीद-बिक्री और उपलब्ध स्टॉक के आंकड़ों में भी भारी अंतर पाया गया। विभाग ने जीएसटी से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल रिकॉर्ड जब्त कर लिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार टैक्स, ब्याज और अतिरिक्त जुर्माने की वसूली की जाएगी। विभाग ने संकेत दिए हैं कि सिडकुल की अन्य संदिग्ध कंपनियां भी निगरानी में हैं और आने वाले दिनों में उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *