इंस्टाग्राम से शुरू हुआ हनीट्रैप: 35 साल का ठग चला रहा था बड़ा साइबर रैकेट
स्वदेशी टाइम्स, दिल्ली : दिल्ली पुलिस ने एक बड़े साइबर ठगी और हनीट्रैप मामले का खुलासा करते हुए पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना निवासी 35 वर्षीय आनंद कुमार को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर देशभर की 500 से अधिक महिलाओं को डेटिंग और मैट्रिमोनियल प्लेटफॉर्म के जरिए ठगने और उनसे करोड़ों रुपये वसूलने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी फर्जी पहचान बनाकर महिलाओं से संपर्क करता था और खुद को कभी डॉक्टर, कभी फिल्म प्रोड्यूसर तो कभी सफल बिजनेसमैन बताता था। वह पहले भरोसा जीतकर भावनात्मक रिश्ता बनाता और फिर शादी का झांसा देकर पैसों की मांग करता था। कई मामलों में वह मेडिकल इमरजेंसी, बिजनेस नुकसान या पारिवारिक समस्याओं का बहाना बनाकर पैसे ऐंठता था।
यह मामला तब सामने आया जब एक पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई कि इंस्टाग्राम पर ‘वैभव अरोड़ा’ नाम के प्रोफाइल से उसे करीब 7 लाख रुपये की ठगी का शिकार बनाया गया। जांच में पता चला कि यही व्यक्ति अलग-अलग फर्जी नामों और कई मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल कर रहा था।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी ने भरोसा मजबूत करने के लिए एक से अधिक फर्जी पहचान बनाई थी और खुद को अपने ही ‘दोस्त’ के रूप में भी पेश करता था। बाद में संपर्क तोड़ने के लिए वह झूठी कहानियां भी गढ़ता था।
तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने उसके लोकेशन को ट्रेस कर पश्चिम बंगाल में छापेमारी की और उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 4 स्मार्टफोन, 8 सिम कार्ड, 3 डेबिट कार्ड और सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं।
पुलिस को शक है कि यह किसी बड़े संगठित गिरोह का हिस्सा हो सकता है, इसलिए पूरे नेटवर्क और अन्य संभावित पीड़ितों की जांच जारी है। आरोपी के खिलाफ पहले भी ऐसे मामलों की शिकायतें दर्ज हैं।
