uttarakhand ट्रेन में झटके के दौरान हाथ से छूटा नवजात का शव, यात्रियों ने लगाए आरोप

Spread the love

स्वदेशी टाइम्स, रुड़की : uttarakhand देहरादून से सहारनपुर जा रही डीएलएस पैसेंजर ट्रेन में एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां नवजात का शव ट्रेन से नीचे गिर गया। घटना ऐथल और लक्सर रेलवे स्टेशन के बीच पथरी पुल के पास हुई। सूचना मिलते ही जीआरपी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

दंपती लक्सर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि महिला ने एक दिन पहले लक्सर अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया था। नवजात को सांस लेने में दिक्कत होने पर उसे हरिद्वार के मेला अस्पताल रेफर किया गया था, जहां इलाज के दौरान गुरुवार सुबह उसकी मौत हो गई।

इसके बाद दंपती नवजात के शव को लेकर हरिद्वार से पैसेंजर ट्रेन के जरिए वापस लौट रहे थे। बताया गया कि नवजात के पिता ट्रेन के दरवाजे के पास बैठे थे। ट्रेन जैसे ही ऐथल और लक्सर स्टेशन के बीच पहुंची, तभी अचानक जोरदार झटका लगा और दरवाजा तेजी से आकर व्यक्ति से टकरा गया। इस दौरान उसके हाथ से नवजात का शव छिटककर नीचे गिर गया।

घटना के बाद ट्रेन में मौजूद कुछ यात्रियों ने दंपती पर बच्चे को जानबूझकर ट्रेन से फेंकने का आरोप भी लगाया। हालांकि दंपती ने इन आरोपों से इनकार किया और पूरी घटना को हादसा बताया। मामले की जानकारी मिलने पर ट्रेन को चेन पुलिंग कर रोका गया और ट्रेन मैनेजर ने कंट्रोल रूम को सूचना दी।

जीआरपी लक्सर के उपनिरीक्षक अतुल चौहान मौके पर पहुंचे और दंपती से पूछताछ की। पुलिस नवजात के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज चुकी है। जीआरपी अधिकारियों का कहना है कि दंपती मानसिक रूप से बेहद परेशान थे और उनके बयान की जांच की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की तस्दीक में जुटी हुई है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *