bjp देहरादून में नितिन नवीन का शक्ति प्रदर्शन, टपकेश्वर दर्शन से शुरू हुआ दौरे का आखिरी दिन

Spread the love

स्वदेशी टाइम्स, देहरादून : Bjp भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपने तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे के अंतिम दिन की शुरुआत देहरादून स्थित प्रसिद्ध टपकेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ की। उन्होंने भगवान शिव का आशीर्वाद लेकर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

मंदिर दर्शन के बाद उनका कार्यक्रम गढ़ी कैंट क्षेत्र में एक बूथ अध्यक्ष कार्यकर्ता के घर जलपान का रहा। इसके पश्चात उन्होंने बूथ समिति की महत्वपूर्ण बैठक में भाग लिया, जहां पार्टी के जमीनी कार्यकर्ताओं के साथ संगठन को मजबूत करने और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर चर्चा की गई। बैठक में बूथ स्तर पर संगठन को और सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

दोपहर से पहले शिगनीवाला स्थित शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में प्रबुद्ध गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें शिक्षाविदों, बुद्धिजीवियों और विभिन्न पेशेवर क्षेत्रों से जुड़े लोगों के साथ संवाद कार्यक्रम रखा गया। इस दौरान केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों, विकास कार्यों और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की गई।

दौरे का सबसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आयोजित युवा संवाद माना जा रहा है। इस कार्यक्रम में नितिन नवीन प्रदेश के युवाओं से सीधे संवाद करेंगे और उनकी अपेक्षाओं, रोजगार, कौशल विकास तथा भविष्य की संभावनाओं पर विचार साझा करेंगे। भाजपा इसे मिशन 2027 की रणनीति का अहम हिस्सा मान रही है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन का यह पहला उत्तराखंड दौरा है, जिसे संगठनात्मक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों पर प्रबुद्धजन सम्मेलन और बूथ सशक्तिकरण अभियान को और तेज किया जाएगा, ताकि सरकार की उपलब्धियों को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सके।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करने वाला है। उन्होंने कहा कि भाजपा की ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं और संगठन का लक्ष्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

गौरतलब है कि दौरे के दूसरे दिन नितिन नवीन ने ऋषिकेश स्थित परमार्थ निकेतन पहुंचकर संतों का आशीर्वाद लिया था और गंगा आरती में भी भाग लिया था। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट भी उनके साथ मौजूद रहे। परमार्थ निकेतन में उनका भव्य स्वागत किया गया था।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *