भवानीपुर से आज शुभेंदु अधिकारी का नामांकन, अमित शाह करेंगे रोड शो
स्वदेशी टाइम्स, कोलकाता : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में सियासी दलों के बीच चुनावी समीकरणों को साधने की कोशिशें चल रही हैं। टिकट बंटवारे में तृणमूल कांग्रेस, भाजपा और कांग्रेस ने ब्राह्मण, राजपूत, कायस्थ और अल्पसंख्यक समुदायों को साधने के लिए चौंकाने वाली रणनीति अपनाई है। टीएमसी ने जहां अल्पसंख्यक और महिला कार्ड खेला है। वहीं, भाजपा ने उच्च जातियों पर भरोसा जताया है।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर तमाम सियासी दलों की तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं। इस बीच भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार को भवानीपुर विधानसभा सीट से पार्टी के उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी के नामांकन दाखिल करने के कार्यक्रम में शामिल होंगे।
पार्टी सूत्रों ने बताया कि काफिला सर्वे बिल्डिंग से लगभग 200 मीटर पहले रुकेगा। अमित शाह शुभेंदु अधिकारी के साथ उस कार्यालय तक जाएंगे, जहां भाजपा नेता अपने कागजात जमा करेंगे।
पीएम मोदी भी कर सकते हैं भवानीपुर में चुनाव प्रचार
भाजपा नेताओं ने कहा कि नामांकन दाखिल करने में शाह की भागीदारी का उद्देश्य भवानीपुर चुनाव को पार्टी द्वारा दिए जा रहे महत्व को रेखांकित करना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी भवानीपुर में चुनाव प्रचार करने की संभावना है। गौरतलब है कि अमित शाह बुधवार की देर रात कोलकाता पहुंचे थे।
