Uttarakhand: गाड़ियों पर लगी लगाम: 18 से 20 अक्तूबर तक ट्रैफिक डायवर्जन लागू
स्वदेशी टाइम्स, हल्द्वानी: दीपावली की खरीदारी के लिए बाजार तैयार है और धनतेरस पर भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने 18 से 20 अक्टूबर तक ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू किया है।
दीपावली के लिए बाजार सज गया है। धनतेरस पर खरीदारी के लिए उमड़ने वाली भीड़ के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने डायवर्जन प्लान लागू कर दिया है। ऑटो स्टैंड भी बदले गए हैं। 18 से 20 अक्तूबर तक सुबह नौ बजे से रात दस बजे तक लागू होने वाले प्लान के अनुसार छोटे-बड़े वाहनों के मार्ग अलग-अलग होंगे। शहर में छोटे बड़े सभी मालवाहक प्रतिबंधित जबकि आवश्यक सेवा वाले वाहन भी बाईपास मार्ग का उपयोग करेंगे।
प्लान के अनुसार इस अवधि मेें ऑटो/मैजिक स्टैंड कालाढूंगी चौराहा और भोलानाथ टेंपो/ई-रिक्शा स्टैंड जेल रोड तिराहे से संचालित होंगे। ओके होटल के दोनों ऑटो स्टैंड बर्फ वाली गली से संचालित किए जाएंगे। सिंधी स्वीट्स मैजिक स्टैंड और सरगम ऑटो स्टैंड एचएन इंटर कॉलेज रामपुर रोड से चलेंगे। मंगलपड़ाव के दोनों ऑटो स्टैंड लक्ष्मी शिशु मंदिर से आगे रोड के बायी ओर से संचालित होंगे।
बसों का डायवर्जन
-
- रामपुर रोड से आने वाली बसें टीपीनगर तिराहा से डायवर्ट होकर होंडा शोरूम होते हुए तीनपानी, गौलापार तिराहा, गौला रोड, नारीमन तिराहा, काठगोदाम, तिकोनिया चौराहा, नैनीताल बैंक तिराहा से रोडवेज स्टेशन तक आएंगी।
-
- बरेली रोड से आने वाली बसें तीनपानी फ्लाईओवर से डायवर्ट होकर काठगोदाम से तिकोनिया होते हुए आएंगे।
- कालाढूूंगी से आने वाली बसें ऊंचापुल चौराहा, लालडांठ तिराहा, पनचक्की चौराहा, हाईडिल तिराहा, तिकोनिया चौराहा से स्टेशन तक आ सकेंगी।
- पर्वतीय क्षेत्र और काठगोदाम से आने वाली केमू व रोडवेज बस तिकोनिया चौराहा, नैनीताल बैंक तिराहा, रोडवेज व केमू स्टेशन आएंगी। बस स्टेशन से जाने वाली बसें भी आने वाले मार्ग को ही अपनाएंगी।
छोटे वाहनों के लिए खास रूट
- शहर में ट्रैफिक का दबाव कम करने के लिए सभी छोटे वाहनों को बाईपास और लिंक मार्गों का प्रयोग करना होगा।
- बरेली और रामपुर रोड से पहाड़ जाने वाले तीनपानी फ्लाईओवर से गौलापार रोड होते हुए सीधे नारीमन तिराहा (काठगोदाम) से जाएंगे।
- हल्द्वानी आने वाले छोटे वाहन एफटीआई तिराहा से आईटीआई तिराहा होते हुए मुखानी चौराहा/अटल रोड तिराहा से शहर में प्रवेश करेंगे।
- पहाड़ से बरेली और रामपुर रोड की ओर जाने वाले नारीमन तिराहा से गौलापार रोड होते हुए तीनपानी से बाहर निकलेंगे।
बाजार जाने वाले यहां खड़े करेंगे अपने वाहन
- नैनीताल रोड और कालाढूंगी रोड से आने वाले दोपहिया हल्द्वानी मिनी स्टेडियम रोड के बाईं ओर वाहन खड़े करेंगे।
- नैनीताल रोड से आने वाले अन्य वाहन रामलीला मैदान हल्द्वानी और हल्द्वानी रेलवे स्टेशन में पार्क होंगे।
- कालाढूंगी रोड से आने वाली समस्त गाड़ियां पर्वतीय उत्थान मंच हीरानगर में खड़ी की जाएंगी।
- बरेली रोड से आने वाले समस्त वाहन लक्ष्मी शिशु मंदिर मंगलपड़ाव में पार्क किए जाएंगे।
- रामपुर रोड से आने वाले समस्त वाहन एचएन इंटर कॉलेज मैदान में पार्क होंगे।
- स्थानीय व्यवसायी सरस बाजार पार्किंग और सिंधी स्वीट्स के पास मैजिक स्टैंड की पार्किंग में गाड़ियां खड़ी करेंगे।
जीरो जोन
किसी भी प्रकार के छोटे-बड़े व दोपहिया वाहन मंगल पड़ाव, सिंधी चौराहा, सिटी चौराहा, कालाढूंगी चौराहा, ओके होटल चौराहा और ताज चौराहा से बाजार क्षेत्र में प्रवेश नहीं करेंगे।
