कैडेवर डॉग्स की मदद से धराली में तलाश अभियान, जीपीआर से मिल रही नई जानकारी
स्वदेशी टाइम्स, देहरादून: धराली आपदा प्रभावित क्षेत्र में आठ जगहों पर कैडेवर डॉग्स ने संकेत दिए। एनडीआरएफ ने जीपीआर मशीन से ग्राउंड जीरो की स्कैनिंग शुरू की। वीडियो में जिस जगह से लोग भागते नजर आए थे वहां भी खोदाई हुई थी।
धराली में ग्राउंड जीरो पर एनडीआरएफ के कैडेवर डॉग्स (शव खोजी कुत्ते) ने आठ जगह सूंघकर संकेत दिए। यहां खोदाई शुरू हुई तो नीचे से पानी निकल आया, जिससे वहां काम रोकना पड़ा। अब यहां ग्राउंड पेनेट्रेटिंग रडार (जीपीआर) से ग्राउंड जीरो की स्कैनिंग की जा रही है। इस राडार की तरंगों से मलबे में दबे भवनों की खोज की जाएगी। इसके बाद जहां से सही दिशा में संकेत मिलेंगे वहीं पर खोदाई की जाएगी।
दरअसल, धराली में आपदाग्रस्त क्षेत्र से वहां फंसे लोगों को निकालने का काम लगभग पूरा हो गया है। अब पुलिस और अन्य एजेंसियों ने वहां पर दूसरे चरण में शवों को तलाशना शुरू कर दिया है। इसके लिए शुरुआत में ही एनडीआरएफ ने वहां पर दो कैडेवर डॉग्स को तैनात किया था। इन डॉग की मदद से लगातार खोज अभियान चलाया जा रहा है।
