मंदिर के पास खून से लथपथ मिला शव, साथी पर हत्या की आशंका

Spread the love

स्वदेशी टाइम्स, हाथरस:  हाथरस में एक मंदिर के पास बनी झोपड़ी के बाहर मंगलवार सुबह एक बुजुर्ग साध्वी का शव बरामद हुआ। पुलिस को संदेह है कि किसी विवाद के बाद साध्वी के साथी ने उसकी हत्या की है। पुलिस ने बताया कि साधु वेश रखने वाला उसका साथी घटना के बाद से लापता है।

स्थानीय लोगों ने हाथरस जंक्शन क्षेत्र के मेंडू स्थित भैरवनाथ मंदिर के पास झोपड़ी के बाहर खून से लथपथ शव देखा और पुलिस को इसकी सूचना दी। हाथरस जंक्शन पुलिस थाने के निरीक्षक सत्येंद्र सिंह राघव मौके पर पहुंचे, इसके बाद सिकंदराराऊ के क्षेत्राधिकारी भी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

शव की पहचान सिकंदराराऊ क्षेत्र के बरगांव गांव की रेखा देवी (70) के रूप में हुई है। वह कई वर्ष पहले गृहस्थ जीवन त्यागकर साध्वी बन गई थी और वर्षों से भैरवनाथ मंदिर के पास झोपड़ी बनाकर रह रही थी। पुलिस निरीक्षक ने बताया कि रेखा नेम सिंह नाम के एक अन्य साधु के साथ रहती थी।

स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि रेखा और नेम सिंह के बीच अक्सर झगड़े होते थे। उन्होंने बताया कि संदेह है कि ऐसी ही किसी झड़प के दौरान नेम सिंह ने उसे डंडे या किसी भारी वस्तु से मारा, जिसमें उसकी मौत हो गई और इसके बाद नेम सिंह फरार हो गया।

क्षेत्राधिकारी जेएन अस्थाना ने बताया कि संदेह है कि यह घटना देर रात दोनों के बीच हुए विवाद के कारण हुई। उन्होंने कहा, ‘‘ शायद उसकी हत्या डंडे या किसी अन्य भारी वस्तु से प्रहार करके की गई है। नेम सिंह का पता लगाने के लिए पुलिस टीमें गठित की गई हैं।’’

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *