एयर स्ट्राइक के बाद भारत-नेपाल सीमा पर बढ़ाई चौकसी, जंगल के रास्तों पर भी रखी निगरानी
स्वदेशी टाइम्स, लखीमपुर खीरी: भारतीय सेना ने मंगलवार रात पाकिस्तान में एयर स्ट्राइक कर आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया। इस कार्रवाई के बाद भारत-नेपाल सीमा पर चौकसी बढ़ा दी गई है। लखीमपुर खीरी में पुलिस टीम ने एसएसबी के जवानों के साथ सीमा से सटे इलाकों में पेट्रोलिंग की।
पाकिस्तान में मंगलवार की रात आतंकी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक के बाद भारत-नेपाल सीमा पर चौकसी बढ़ा दी गई है। लखीमपुर खीरी जिले में एसएसबी व पुलिस टीमें नेपाल सीमा से सटे इलाकों में संयुक्त पेट्रोलिंग कर रही हैं। जंगल के रास्तों पर भी पैनी निगाह रखी जा, रही है। नोमैंस लैंड पर भी कोई नेपाल की ओर से प्रवेश न कर सके इसकी जानकारी कर निगरानी की जा रही है।
जिले से लगी तकरीबन सवा सौ किलोमीटर लंबी भारत-नेपाल की खुली सीमा संपूर्णानगर से लेकर गौरीफंटा, चंदन चौकी और तिकुनिया तक फैली है। बुधवार को इस पूरी सीमा पर अलग-अलग क्षेत्र में एसएसबी के जवानों ने पुलिस टीम के साथ संयुक्त पेट्रोलिंग की। संपूर्णानगर के पास बसही बॉर्डर पर भी लगातार निगरानी जारी है। इसके साथ ही गौरीफंटा बॉर्डर पर नेपाल आने जाने वालों की सघन चेकिंग एसएसबी द्वारा की जा रही है। इसमें डॉग स्क्वायड की भी मदद एसएसबी के जवान ले रहे हैं।
पीलीभीत में भी नेपाल बॉर्डर पर अलर्ट
पीलीभीत जिले में पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड पर है। पुलिस ने दोपहर में ही शहर में रूट मार्च किया। कस्बों और गांवों में भी मार्च किया गया है। भारत-नेपाल सीमा पर चौकसी बढ़ा दी गई है। एसएसबी भी अलर्ट मोड पर है। बस अड्डे, रेलवे स्टेशन और अन्य स्थानों पर पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया है।
