पुलिस भर्ती परीक्षा का पेपर लीक करने वाले आरोपित को एसटीएफ की टीम ने हरियाणा से किया गिरफ्तार
स्वदेशी टाइम्स, मेरठ : पुलिस भर्ती परीक्षा में पेपर लीक कर परीक्षार्थियों को पढ़ाने वाले गिरोह के एक सदस्य को एसटीएफ की टीम ने हरियाणा के जींद से गिरफ्तार कर लिया है। इस गिरोह के छह सदस्यों को एसटीएफ की टीम पहले गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। मुख्य आरोपित अभी फरार चल रहा है।
एसटीएफ के एएसपी बृजेश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त महेन्द्र शर्मा ने पूछताछ पर बताया कि वह अमनदीप पुत्र मंहगा निवासी धाथरथ उर्फ ढाठरथ थाना पिल्लुखेडा जनपद जींद हरियाणा की अनफोयल इन्वेशन नाम की दुकान है, जिस पर वह काम करता है। 15 फरवरी 2024 को उसके गांव के विक्रम पहल पुत्र कुंवर सिंह, जो दिल्ली पुलिस में नियुक्त है, उसे अपने साथ मानेसर गुरूग्राम स्थित रिसोर्ट पर लेकर गया।
आरोपित ने बताया कि यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा का प्रश्न-पत्र आने वाला है। इस काम में मेरा सहयोग करो तुमको भी एक-दो लाख रुपये दे दूंगा। गुरुग्राम स्थित रिसोर्ट में करीब 300-400 परीक्षार्थी पहले से मौजूद थे। 10-12 बसों से अन्य परीक्षार्थी को लेकर गौरव चौधरी व अन्य लोग रिसोर्ट में आए। उक्त रिसोर्ट का मालिक भी पहले से ही वहा मौजूद था।
रिसोर्ट में थे परीक्षार्थी
करीब 1000 परीक्षार्थी उक्त रिसोर्ट में आ चुके थे। जिसके बाद विकम पहल ने सबके साथ मीटिंग किया। 16 फरवरी 2024 को लगभग 11 बजे विक्रम पहले अपने साथियों के साथ पुलिस भर्ती परीक्षा 18 फरवरी 2024 की द्वितीय पाली का प्रश्न-पत्र व उत्तरकुंजी लेकर आया था। उसके साथ मोनू शर्मा निवासी ढाकला जनपद झज्जर, विक्रम दहिया जनपद सोनीपत एवं कुछ अन्य लोग भी आए थे।
अभिषेक शुक्ला व रवि के सम्पर्क मे विक्रम पहले से ही था, क्योकि कुछ दिनों पहले ही दिल्ली में किसी स्थान पर इन लोगों की पुलिस भर्ती परीक्षा का पेपर आउट कराने व ज्यादा से ज्यादा अभ्यर्थियों को गुरुग्राम स्थित रिसोर्ट में एकत्र करके उनको पेपर पढ़वाने की बात हुई थी।
