Crime News: पहले बेल्ट से घोंटा गला, फिर शव को लाइटर से जलाया; इस तरह हुआ पर्दाफाश

Spread the love

स्वदेशी टाइम्स, गोपेश्वर। चमोली पुलिस ने 24 घंटे के अंदर अधजले शव के मामले का पर्दाफाश कर दिया। इस मामले में हत्यारोपित को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित के पास से हत्या में प्रयुक्त सामग्री को भी बरामद किया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, 25 अप्रैल को दशोली विकासखंड के ग्राम छिनका के पास एक व्यक्ति का अधजला शव बरामद हुआ था। मृतक का चेहरा व गर्दन अधजला होने के साथ ही दोनों पैर जले हुए मिले थे। शव की पहचान रघुवीर सिंह (45) निवासी ग्राम ढुंगरी बिजारकोट थाना व जनपद चमोली के रूप में हुई थी। बताया गया कि वह 24 अप्रैल से लापता था।

मृतक के स्वजन ने रघुवीर की हत्या की आशंका जताते हुए कोतवाली चमोली में 28 अप्रैल को तहरीर दी। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक दिनेश सिंह पंवार को सौंपी गई। उक्त मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक चमोली सर्वेश पंवार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।

पूछताछ में स्वाकारी हत्या की बात

पुलिस की जांच-पड़ताल में रघुवीर को आखिरी बार संदीप रावत (24) निवासी ग्राम छिनका थाना व जनपद चमोली के साथ देखे जाने की बात सामने आई। रविवार को पुलिस ने संदीप रावत को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने हत्या करने की बात स्वीकारी।

बताया कि उसने बेल्ट से रघुवीर सिंह का गला घोंटा और शव को लाइटर से जला दिया। पुलिस ने सोमवार को उसे गिरफ्तार कर उसके पास से हत्या में प्रयुक्त सामग्री भी बरामद कर ली।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *