Roorkee में 5 साल की बच्ची से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, एक महीने बाद पुलिस ने सुलझाया मामला
स्वदेशी टाइम्स , रुड़की : हरिद्वार जिले के पिरान कलियर में पांच साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब एक महीने की जांच और लगातार तलाश के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि आरोपी ने बच्ची को खाने-पीने की चीज दिलाने का लालच देकर अपने साथ एक खंडहर में ले जाकर उसके साथ दरिंदगी की थी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार होकर दिल्ली चला गया था। पुलिस ने 250 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही बच्ची की मदद से आरोपी का स्केच भी तैयार कराया था।
6 अक्टूबर को हुई थी वारदात
पुलिस के मुताबिक, 7 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के मोतीचूर निवासी एक व्यक्ति ने पिरान कलियर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि 6 अक्टूबर को किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसकी पांच वर्षीय बेटी के साथ दुष्कर्म किया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अज्ञात आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रभारी निरीक्षक मनोहर भंडारी के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई।
250 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली
आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कई स्तरों पर जांच की। शिकायतकर्ता की ओर से उपलब्ध कराए गए संदिग्धों के नाम और तस्वीरों के आधार पर लोगों का सत्यापन किया गया। इसके साथ ही घटनास्थल और आसपास के बाजारों में लगे 250 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज की बारीकी से जांच की गई।
वहीं, बच्ची की ओर से बताए गए हुलिए के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध का स्केच भी तैयार कराया। इसके बाद अलग-अलग स्थानों पर आरोपी की तलाश तेज कर दी गई।
बच्ची को चीज दिलाने का लालच देकर खंडहर में ले गया था आरोपी
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने करीब एक महीने पहले कलियर टीन शेड के पास बच्ची को अकेले देखा था। इसके बाद उसने बच्ची को खाने-पीने की चीज दिलाने का लालच दिया और बहला-फुसलाकर अपने साथ एक खंडहर में ले गया।
आरोप है कि आरोपी ने बारिश रुकने के बाद चीज दिलाने का भरोसा देकर बच्ची के साथ खंडहर के अंदर दुष्कर्म किया। इसके बाद उसने बच्ची को किसी को भी घटना के बारे में न बताने की धमकी दी। बच्ची के बेहोश होने पर आरोपी उसे वहां छोड़कर फरार हो गया।
पकड़े जाने के डर से दिल्ली भाग गया था आरोपी
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपी को पकड़े जाने का डर सताने लगा। इसी वजह से उसने अगले दिन अपनी झोपड़ी हटा दी और दिल्ली चला गया। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। करीब एक महीने तक चले अभियान के बाद पुलिस को आरोपी के संबंध में अहम जानकारी मिली।
इसके बाद पुलिस टीम ने अब्दाल साहब रोड से इमलीखेड़ा की ओर जाने वाले रास्ते पर कलियर से करीब दो किलोमीटर आगे पुलिया के पास एक संदिग्ध को हिरासत में लिया। पूछताछ और जांच के बाद उसकी पहचान उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के शाहबाद क्षेत्र के निवासी के रूप में हुई, जो वर्तमान में कलियर में हज कमेटी के पास झुग्गी में रह रहा था।
न्यायालय में पेश किया जाएगा आरोपी
एसपी देहात अभय सिंह ने बताया कि पिरान कलियर में पांच वर्षीय बच्ची के साथ हुई घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही थी। करीब एक महीने की कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई कर रही है।
फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। इस घटना ने एक बार फिर बच्चों की सुरक्षा और सार्वजनिक स्थानों पर उनकी निगरानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।