Pithoragarh के धारचूला में महिला की संदिग्ध हत्या, लिव-इन पार्टनर पर केस दर्ज, आरोपी फरार
स्वदेशी टाइम्स , पिथौरागढ़ : उत्तराखंड के सीमांत जिले पिथौरागढ़ के धारचूला क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। खोतिला इलाके में बाजार से करीब दो किलोमीटर दूर पैदल पुल के पास महिला का शव मिलने से स्थानीय क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतका के सिर और शरीर पर चोट के गंभीर निशान पाए गए हैं। मामले में पुलिस ने महिला के लिव-इन पार्टनर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है।
तीन साल से पति से अलग रह रही थी महिला
जानकारी के अनुसार, 33 वर्षीय मृतका मूल रूप से नेपाल के दार्चुला की रहने वाली थी और वर्तमान में पिथौरागढ़ के खोतिला क्षेत्र में रह रही थी। बताया जा रहा है कि महिला पिछले करीब तीन वर्षों से अपने पति से अलग रह रही थी। इस दौरान वह खोतिला निवासी एक युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी।
महिला का शव मिलने की सूचना पर धारचूला पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।
घर के अंदर मिले खून के निशान, हत्या की आशंका
पुलिस ने जांच के दौरान उस कमरे का भी निरीक्षण किया, जहां महिला अपने पार्टनर के साथ रहती थी। यहां बेड और फर्श पर खून के गहरे निशान मिले। इसके अलावा पुलिस को खून से सना तकिया और गद्दे के कपड़े भी बरामद हुए हैं।
इन सभी वस्तुओं को पुलिस ने कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए सुरक्षित कर लिया है। घटनास्थल की जांच के लिए फॉरेंसिक फील्ड यूनिट को भी बुलाया गया, जिसने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं।
बेटे की शिकायत पर लिव-इन पार्टनर के खिलाफ मुकदमा
धारचूला पुलिस के अनुसार, महिला की हत्या की सूचना मिलने के बाद जांच शुरू की गई। मृतका के बेटे की शिकायत के आधार पर उसके लिव-इन पार्टनर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या घर के अंदर की गई और इसके बाद शव को पैदल पुल के पास छोड़ दिया गया।
हालांकि, पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव, आरोपी की तलाश जारी
पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों और चोटों की प्रकृति को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है। वहीं, घटना के बाद से फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें जुटी हुई हैं।
धारचूला के प्रभारी थानाध्यक्ष अंबी राम आर्य ने बताया कि महिला की हत्या की सूचना मिलने पर घर की जांच की गई थी। इस दौरान कमरे में बेड और फर्श पर खून के गहरे धब्बे मिले हैं। पुलिस ने जरूरी साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है।
सीमांत क्षेत्र में घटना से दहशत
धारचूला के खोतिला क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के नतीजों का इंतजार कर रही है।