bjp गोपनीय दौरे में कार्यकर्ताओं से लिया फीडबैक, संगठन को मजबूत करने पर दिया जोर
स्वदेशी टाइम्स, मसूरी : bjp Mussoorie में सोमवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का अचानक दौरा राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया। उनका यह दौरा पूरी तरह गोपनीय रखा गया था, जिसकी जानकारी पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं तक को पहले से नहीं थी। अचानक मसूरी पहुंचकर उन्होंने स्थानीय कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की।
बैठक के दौरान नितिन नवीन ने संगठन की वर्तमान स्थिति, जनसंपर्क अभियानों और आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद किया। उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को और मजबूत बनाने के साथ-साथ केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को आम लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।
कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को मसूरी विधानसभा क्षेत्र में चल रही संगठनात्मक गतिविधियों और जनसंपर्क कार्यक्रमों की जानकारी दी। साथ ही बताया कि क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ता लगातार सक्रिय हैं और आगामी चुनावों को लेकर उत्साह का माहौल बना हुआ है।
बैठक में क्षेत्र के विकास कार्यों पर भी चर्चा हुई। नेताओं ने बताया कि मसूरी क्षेत्र में सड़क, पेयजल, पर्यटन और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर कार्य किया गया है। इन कार्यों को लेकर जनता के बीच सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं के प्रयासों और क्षेत्र में हुए विकास कार्यों की सराहना करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है और जनता के बीच लगातार सक्रिय रहना आवश्यक है।
बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं ने नितिन नवीन से वर्ष 2027 में फिर से मसूरी आने का आग्रह भी किया। इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। पार्टी पदाधिकारियों ने इस दौरे को संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए आगामी चुनावी तैयारियों के लिए प्रेरणादायक कदम करार दिया।
