Pakistan: खैबर पख्तूनख्वा में सुरक्षा बलों की बड़ी कार्रवाई, 72 घंटे में 21 आतंकवादी ढेर
सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, मारे गए आतंकवादियों में चार प्रमुख कमांडर भी शामिल हैं। इन पर सुरक्षा बलों पर हमलों और आम नागरिकों की हत्या सहित कई गंभीर मामलों में शामिल होने के आरोप थे। अभियान के दौरान बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किया गया है।
अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में छिपे अन्य आतंकियों की तलाश के लिए सैनिटाइजेशन और सर्च ऑपरेशन जारी है। सुरक्षा बल पूरे इलाके में लगातार तलाशी अभियान चला रहे हैं ताकि किसी भी संभावित खतरे को समाप्त किया जा सके।
बताया जा रहा है कि पिछले एक सप्ताह के दौरान विभिन्न अभियानों में कुल 48 आतंकवादी मारे जा चुके हैं। इससे पहले भी उत्तरी वजीरिस्तान के विभिन्न इलाकों में सुरक्षा बलों ने कई सफल अभियान चलाए थे, जिनमें कई आतंकवादी ढेर किए गए थे।
हाल के महीनों में खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान में आतंकी गतिविधियों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सुरक्षा हालात को देखते हुए पाकिस्तान की सुरक्षा एजेंसियों ने आतंकवादी संगठनों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आतंकवाद के खात्मे तक अभियान जारी रहेगा।
