दोस्त को मनाने के लिए लगाए ‘गुमशुदगी’ के पोस्टर, मजाक पहुंचा पुलिस थाने तक
स्वदेशी टाइम्स, ऋषिकेश: Asutosh-nagar शहर में दोस्तों के बीच हुई नाराजगी को दूर करने के लिए किया गया एक मजाक उस समय विवाद का कारण बन गया, जब मामला पुलिस तक पहुंच गया। एक युवक से कई दिनों से बातचीत बंद होने पर उसके दोस्तों ने उसे मनाने के लिए उसकी तस्वीर के साथ गुमशुदगी के पोस्टर छपवाकर सार्वजनिक स्थानों पर लगा दिए। बाद में इन पोस्टरों का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी साझा कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार रेलवे सड़क क्षेत्र निवासी एक युवक की अपने तीन दोस्तों से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इसके बाद उसने उनसे बातचीत करना बंद कर दिया। दोस्त उसे वापस अपने साथ जोड़ने के लिए अनोखा तरीका अपनाने लगे। उन्होंने युवक की तस्वीर के साथ ‘गुमशुदा’ लिखवाकर पोस्टर तैयार कराए और शहर के विभिन्न स्थानों, जिनमें अंतरराज्यीय बस अड्डा परिसर और आशुतोष नगर क्षेत्र शामिल हैं, वहां चस्पा कर दिए।
पोस्टर में युवक को खोजकर लाने वाले के लिए सिगरेट की एक डिब्बी इनाम के रूप में देने का भी उल्लेख किया गया था। इसके बाद पोस्टरों का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित कर दिया गया, जिससे मामला तेजी से लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया।
घटना ने उस समय नया मोड़ ले लिया जब युवक और उसके परिजनों की नजर वायरल वीडियो पर पड़ी। परिजनों ने इसे आपत्तिजनक बताते हुए संबंधित युवकों के खिलाफ कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी और संबंधित युवकों में से एक को पूछताछ के लिए बुलाया। पुलिस पूरे प्रकरण की पड़ताल कर रही है और दोनों पक्षों से जानकारी जुटाई जा रही है।
