गर्भ में बेटी होने की आशंका पर पति ने रची साजिश! करंट और मारपीट से गर्भस्थ शिशु की मौत का आरोप

Spread the love
स्वदेशी टाइम्स, सहसपुर: Sahaspur कोतवाली क्षेत्र के जस्सोवाला गांव में गर्भवती महिला के साथ कथित रूप से अमानवीय व्यवहार और गर्भस्थ शिशु कीमौत के मामले ने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पीड़िता के परिजनों ने आरोपी पति पर अवैध लिंग परीक्षण कराने, गर्भ में बालिका होने की जानकारी मिलने के बाद पत्नी को प्रताड़ित करने और गर्भस्थ शिशु को नुकसान पहुंचाने की साजिश रचने का आरोप लगाया है।

परिजनों के अनुसार वर्ष 2019 में प्रेम विवाह के बाद से ही महिला को घरेलू हिंसा का सामना करना पड़ रहा था। पीड़िता के पिता शेर सिंह का आरोप है कि बाद में परिवार को पता चला कि आरोपी पहले भी दो शादियां कर चुका है। उनका कहना है कि दो बेटियों के जन्म के बाद जब महिला तीसरी बार गर्भवती हुई तो आरोपी लगातार गर्भस्थ शिशु का लिंग जानने का दबाव बना रहा था।

परिवार का आरोप है कि आरोपी महिला को हरियाणा के पानीपत ले गया, जहां किसी निजी केंद्र पर अल्ट्रासाउंड जांच कराई गई। परिजनों का दावा है कि गर्भ में बेटी होने की जानकारी मिलने के बाद आरोपी का व्यवहार पूरी तरह बदल गया और उसने महिला को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।

आरोप है कि घर लौटने के बाद महिला को पानी की टंकी में बैठाकर करंट लगाया गया और लकड़ी के फट्टों से बेरहमी से पीटा गया। परिजनों का कहना है कि महिला को लगातार दो दिनों तक प्रताड़ित किया गया। इसी दौरान वहां मौजूद एक मजदूर किसी तरह मौके से निकलकर पीड़िता के परिवार को सूचना देने में सफल रहा। सूचना मिलने पर परिजन पहुंचे और महिला को आरोपी के कब्जे से बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

पीड़िता की दादी कुसुम ने आरोप लगाया कि बेटा पाने की चाह में आरोपी ने गर्भ में पल रही तीसरी बेटी की जान लेने की कोशिश की। परिवार ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और कठोर सजा की मांग की है।

मामले में पीड़िता के पिता ने आरोपी को हिस्ट्रीशीटर बताते हुए परिवार की सुरक्षा की मांग भी की है। उनका आरोप है कि आरोपी के कुछ सहयोगी रात के समय उनके घर के आसपास दिखाई दे रहे हैं, जिससे परिवार भय के माहौल में जी रहा है।

कोतवाली प्रभारी प्रदीप रावत ने बताया कि आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है, जिसमें लगाए गए सभी आरोपों की सत्यता भी परखी जाएगी

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *