Uttarakhand : भीषण गर्मी के बीच राहत की खबर; चार दिन बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि की चेतावनी

Spread the love

स्वदेशी टाइम्स, उत्तराखंड: Uttarakhand  में लगातार बढ़ रही गर्मी के बीच लोगों को जल्द राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले चार दिनों तक मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। विभाग के अनुसार कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र और आपदा प्रबंधन विभाग को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

मौसम विभाग के मुताबिक आज से उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में मौसम बदल सकता है। इन इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने, ओलावृष्टि और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय हो चुकी हैं, जिसके कारण मौसम में तेजी से बदलाव देखने को मिल रहा है। इससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।

मौसम विभाग ने 29 मई के लिए उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश, ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली और 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ इलाकों में भारी बारिश की भी आशंका जताई गई है।

इसके अलावा 30 और 31 मई के लिए भी प्रदेश के कई हिस्सों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग का अनुमान है कि जून की शुरुआत तक मौसम सामान्य हो सकता है।

मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलाधिकारियों को सतर्क रहने और जरूरी एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास सचिव विनोद कुमार सुमन ने संबंधित विभागों को किसी भी आपदा की स्थिति से निपटने के लिए संसाधन तैयार रखने को कहा है।

वहीं आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। विभाग ने सलाह दी है कि आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के दौरान लोग खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें। किसानों और पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की हिदायत दी गई है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *