नैनीताल पुलिस में बंपर ट्रांसफर, काठगोदाम-रामनगर समेत कई थानों में बदले अधिकारी
स्वदेशी टाइम्स, हल्द्वानी : Nainital Police Transfer उत्तराखंड के नैनीताल जिले में पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कानून व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से 4 निरीक्षकों सहित 47 महिला और पुरुष उपनिरीक्षकों के तबादले किए हैं। नई तैनाती के आदेश जारी होने के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है।
जारी तबादला सूची के अनुसार काठगोदाम, तल्लीताल, मल्लीताल, रामनगर, हल्द्वानी, भवाली और लालकुआं समेत कई संवेदनशील क्षेत्रों में अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। निरीक्षक जसवीर सिंह को पुलिस लाइन नैनीताल से प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम बनाया गया है, जबकि हरपाल सिंह को चोरगलिया से तल्लीताल कोतवाली भेजा गया है।

इसके अलावा राजेंद्र सिंह रावत को डीसीआरबी से मल्लीताल कोतवाली की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उपनिरीक्षक स्तर पर भी बड़े बदलाव किए गए हैं। विमल मिश्रा को वरिष्ठ उपनिरीक्षक तल्लीताल, तारा सिंह राणा को रामनगर से चोरगलिया और अनीस अहमद को पुलिस लाइन से खनस्यू थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

एसएसपी ने सभी अधिकारियों को तत्काल नई तैनाती स्थल पर पहुंचकर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कानून व्यवस्था बनाए रखने और संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया है।
वहीं रुद्रपुर में भी एसएसपी अजय गणपति ने पुलिस विभाग में बड़े पैमाने पर तबादले किए हैं। अधिकारियों को तुरंत नई जिम्मेदारी संभालने और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश जारी किए गए हैं।
