Dehradun Hospital Fire : पैनेसिया हॉस्पिटल में आग, ICU में मचा हड़कंप

Spread the love

स्वदेशी टाइम्स, देहरादून : Dehradun Hospital Fire देहरादून-हरिद्वार रोड स्थित पैनेसिया हॉस्पिटल में बुधवार को अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में ICU में भर्ती एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह ICU में लगे एसी में शॉर्ट सर्किट और ब्लास्ट को माना जा रहा है।

घटना के समय ICU में छह मरीज भर्ती थे। आग लगते ही पूरे अस्पताल परिसर में धुआं फैल गया, जिससे मरीजों और स्टाफ में हड़कंप मच गया। अस्पताल कर्मियों, पुलिस और राहत टीमों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला और अन्य अस्पतालों में शिफ्ट किया।

धुएं और जहरीली गैस के कारण कुछ मरीजों और कर्मचारियों की हालत बिगड़ गई। राहत कार्य में जुटे तीन पुलिसकर्मियों को भी सांस लेने में दिक्कत हुई, जिसके बाद उन्हें कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। एसएसपी प्रमोद डोबाल और एसपी सिटी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया।

बताया जा रहा है कि मृतक महिला पहले से वेंटिलेटर सपोर्ट पर थीं। इस हादसे में करीब 10 लोग घायल हुए हैं। प्रशासन ने सभी घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल अस्पताल में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *