स्वदेशी टाइम्स, आलीराजपुर : शहर में एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक्स और मनमाने दाम वसूलने वालों पर प्रशासन ने बड़ी और सख्त कार्रवाई की है। एसडीएम निधि मिश्रा के नेतृत्व में राजस्व और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने अचानक कई दुकानों और गोदामों पर छापेमारी कर हड़कंप मचा दिया।
यह पूरी कार्रवाई सामाजिक कार्यकर्ता नितेश अलावा की सोशल मीडिया शिकायत के बाद शुरू हुई, जिसके बाद प्रशासन तुरंत हरकत में आया।
जांच के दौरान कई जगह एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक्स और अस्वास्थ्यकर खाद्य सामग्री बरामद हुई, जिसे मौके पर ही जब्त कर लिया गया। टीम ने सभी संदिग्ध उत्पादों के सैंपल लेकर जांच के लिए भोपाल प्रयोगशाला भेज दिए हैं।
छापेमारी में यह भी खुलासा हुआ कि दुकानदार खुलेआम एमआरपी से ज्यादा कीमत वसूल रहे थे—50 रुपये की कोल्ड ड्रिंक 55 रुपये में बेची जा रही थी।
एसडीएम ने सख्त चेतावनी देते हुए साफ कहा है कि जनता की सेहत और जेब से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि ऐसी कार्रवाई आगे भी और तेज़ व लगातार जारी रहेगी।