प्रदेश में मौसम का डबल अटैक, मैदानों में बारिश तो पहाड़ों पर बर्फबारी
स्वदेशी टाइम्स, देहरादून: मौसम विशेषज्ञों द्वारा आज प्रदेश में मौसम बदलने की संभावना जताई गई थी। सुबह से ही देहरादून सहित कई हिस्सों में मेघ बरस रहे हैं। साथ ही पहाड़ों पर बर्फबारी हुई है।
आखिरकार उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदला। मौसम ने करवट ली और राजधानी देहरादून सहित प्रदेश के कई हिस्सों में सुबह से बारिश का दौर जारी है। निचले इलाकों में बूंदाबांदी और हल्की बारिश हुई है। वहीं ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी ने मौसम को और सर्द बना दिया है। गंगोत्री, यमुनोत्री, मसूरी, चकराता और धनौल्टी जैसे इलाकों में बर्फ की फुहारें गिर रही हैं। मौसम बदलने से ठिठुरन बढ़ी है। बर्फबारी के इंतजार में बैठे लोगों के चेहरे खिल उठे हैं।
चकराता क्षेत्र की ऊंचाई वाली पहाड़ियों लोखंडी, आसमाड़, खड़म्बा, देवबन, मशक, कोटी कंसार और मुंडोई सहित अन्य इलाकों में भी साल की पहली बर्फबारी की फुहारें गिरनी शुरू हो गई हैं। बर्फबारी के साथ पूरे क्षेत्र में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
नई टिहरी और आसपास के क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हुई है और बादल छाए हुए हैं। रुद्रप्रयाग जिले में भी मौसम ने अचानक करवट ली है। आसमान में बादल छाए हैं, तापमान में गिरावट आई है और ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग ने जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार 2300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है, जबकि अन्य जिलों में ओलावृष्टि, बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 28 जनवरी तक प्रदेशभर में मौसम का मिजाज ऐसा ही बने रहने के आसार हैं।
