Dehradun: फर्जी यूनिवर्सिटी लेटरहेड से फैलाई गई खबर! पीएम मोदी के कार्यक्रम को लेकर मामला दर्ज

स्वदेशी टाइम्स, देहरादून: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को उत्तराखंड को राज्य स्थापना के रजत जयंती समारोह में पहुंचेंगे। इससे पहले  सोशल मीडिया पर एक पत्र वायरल हो रहा था, जिसमें लिखा था कि देहरादून में पीएम रैली में शामिल होने पर देवभूमि उत्तराखंड यूनिवर्सिटी के छात्रों को अधिक प्राप्तांक दिए जाएंगे। मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है।

वीवीआईपी दौरे से संबंधित एक भ्रामक खबर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के मामले में प्रेमनगर पुलिस ने  मुकदमा दर्ज किया है। यह कार्रवाई देवभूमि उत्तराखंड यूनिवर्सिटी के लेटर हेड पर वायरल एक जाली पत्र के संबंध में की गई है।

एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक पत्र वायरल हो रहा था, जिसमें यह लिखा था कि देहरादून में पीएम रैली में शामिल होने पर देवभूमि उत्तराखंड यूनिवर्सिटी के छात्रों को अधिक प्राप्तांक दिए जाएंगे।

इसके खिलाफ यूनिवर्सिटी के कुल सचिव सुभाषित ने थाना प्रेमनगर में प्रार्थनापत्र दिया। उन्होंने पुष्टि की कि यह पत्र कूटरचित है और संस्थान की ओर से ऐसा कोई आधिकारिक पत्र जारी नहीं किया गया है। इस आधार पर आईटी एक्ट समेत समय धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। 

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *