विशेष सत्र में राष्ट्रपति मुर्मू का अभिभाषण — उत्तराखंड विधानसभा में दूसरी ऐतिहासिक घड़ी
स्वदेशी टाइम्स, देहरादून: तीन व चार नवंबर को होने वाले विशेष सत्र के लिए विधानसभा सचिवालय तैयारियों में जुट गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तीन दिन के उत्तराखंड दौरे पर आ रही हैं। दो नवंबर को हरिद्वार में एक कार्यक्रम में शामिल होंगी। तीन नवंबर को देहरादून विधानसभा में विशेष सत्र का राष्ट्रपति का अभिभाषण होगा।
उत्तराखंड विधानसभा के इतिहास में दूसरी बार ऐसा अवसर आ रहा है। जब विशेष सत्र में राष्ट्रपति का संबोधन होगा। राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य पर आयोजित होने जा रहे विशेष सत्र में तीन नवंबर को सुबह 11 बजे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू विशेष सत्र को संबोधित करेंगी। इससे पहले मई 2015 में पूर्व राष्ट्रपति स्व. प्रणव मुखर्जी ने विशेष सत्र में संबोधित किया था।
विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने कहा कि विशेष सत्र की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। सत्र के पहले दिन राष्ट्रपति का अभिभाषण होगा। इसके अलावा सदन में राज्य के विकास के मुद्दों पर चर्चा होगी। इस सत्र में कोई विधायी कार्य नहीं होंगे।
