फतेहपुर में दर्दनाक हादसा: यमुना की कगार फटने से 3 चरवाहों की मौत

Spread the love

स्वदेशी टाइम्स, फतेहपुर : फतेहपुर जिले में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। किशुनपुर थाने के चंदवाइन डेरा मजरे रायपुर भसरौल गांव में बुधवार शाम साढ़े चार बजे यमुना नदी की कगार फट गई, जिससे तीन चरवाहों की मलबे में दबकर मौत हो गई। मृतकों की पहचान रमेश निर्मल (50), दुलारे पासवान (55) और शिवमोहन यादव (50) के रूप में हुई है, जो मड़ौली गांव के रहने वाले थे।

बताया जा रहा है कि रात में हुई बरसात के कारण यमुना नदी की कगार की मिट्टी नम हो गई थी, जिससे कगार फट गया और तीनों चरवाहे नीचे गिर गए। ऊपर से गिरे मलबे में दबने से तीनों की मौत हो गई।  आसपास मवेशी चराने वाले लोगों ने जब चरवाहों की आवाज सुनी, तो वे भागकर मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद मलबे में दबे तीनों शवों को निकाला। इस हादसे से गांव में मातम पसर गया है।

परिजनों में शोक

एसओ दिवाकर सिंह ने बताया कि सूचना प्राप्त होते ही पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच रहा है। अधिक जानकारी घटना स्थल पर पहुंचने के बाद मिल सकेगी। पुलिस ने बताया कि शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस हादसे से तीनों परिवारों में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि तीनों चरवाहे अपने परिवार के लिए कमाने वाले थे, उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और घटना के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

यमुना नदी की खतरनाक कगार

इस हादसे ने एक बार फिर से यमुना नदी की खतरनाक कगारों के बारे में सोचने पर मजबूर कर दिया है, जहां हर साल कई लोग अपनी जान गंवा देते हैं। प्रशासन को चाहिए कि वह यमुना नदी के किनारे रहने वाले लोगों को जागरूक करे और कगारों को सुरक्षित बनाने के लिए कदम उठाए।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *