राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘तेलंगाना के लोगों को राज्य के स्थापना दिवस पर हार्दिक बधाई। इस युवा राज्य में समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और आर्थिक एवं तकनीकी विकास का एक शानदार आधुनिक वातावरण है। मेरी कामना है कि तेलंगाना के लोग प्रगति और समृद्धि के पथ पर आगे बढ़ें।’’
पीएम मोदी ने एक्स पर कहा, “तेलंगाना के अद्भुत लोगों को उनके राज्य दिवस पर बधाई। यह राज्य राष्ट्रीय प्रगति में अनगिनत योगदान देने के लिए जाना जाता है।” उन्होंने कहा, ‘‘ पिछले दशक में राजग सरकार ने राज्य के लोगों के ‘जीवन यापन की सुगमता’ के लिए कई कदम उठाए हैं। मैं कामना करता हूं कि राज्य के लोगों को सफलता और समृद्धि मिले।’’बता दें कि दशकों के आंदोलन के बाद 2014 में आज के दिन तेलंगाना को आंध्र प्रदेश से अलग कर राज्य बनाया गया था।
तेलंगाना स्थापना दिवस पर पूर्व सीएम KCR ने लोगों को दीं शुभकामनाएं
बीआरएस प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने सोमवार को तेलंगाना स्थापना दिवस के अवसर पर तेलंगाना के लोगों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लोगों के शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक संघर्ष को याद किया, जिसके कारण राज्य का निर्माण हुआ। एक बयान में, चंद्रशेखर राव ने कहा कि तेलंगाना, जिसे तत्कालीन आंध्र प्रदेश के तहत उपेक्षित किया गया था, ने राज्य गठन के बाद समावेशी विकास और उल्लेखनीय कल्याण देखा है।
उन्होंने कहा, “एक दशक तक, तेलंगाना विकास और कल्याण में राष्ट्र के लिए एक मॉडल के रूप में खड़ा रहा।” उन्होंने सुझाव दिया कि मौजूदा कांग्रेस सरकार जन-केंद्रित नीतियों को प्राथमिकता दे, चुनावी वादों को पूरा करे और जनता का विश्वास बढ़ाए। उन्होंने उम्मीद जताई कि तेलंगाना कृषि और डेयरी में समृद्ध होता रहेगा और समाज के सभी वर्गों में कल्याण सुनिश्चित करेगा।