मां गंगा को एक किमी लंबी चुनरी समर्पित, श्रद्धालुओं ने चुनरी को सिर पर उठाकर निकाली शोभायात्रा

Spread the love

स्वदेशी टाइम्स, ऋषिकेश:  ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट पर नमामि नर्मदा संघ द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मां गंगा को एक किमी लंबी चुनरी समर्पित की गई। इस भव्य आयोजन का उद्देश्य था जल, जंगल और पर्यावरण संरक्षण को लेकर आमजन को जागरूक करना।

मां गंगा को चुनरी समर्पित करने से पहले नगर क्षेत्र में श्रद्धालुओं ने चुनरी को सिर पर उठाकर शोभायात्रा निकाली। यात्रा ढालवाला से होते हुए स्व. इंद्रमणि बडोनी चौक, देहरादून रोड से घाट रोड त्रिवेणी घाट पहुंची। नावघाट के समीप वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ श्रद्धालुओं ने गंगा नदी में चुनरी प्रवाहित की।

कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, मेयर शंभू पासवान, जगद्गुरु दयाराम देवाचार्य, राष्ट्रीय अध्यक्ष पं. हरीश उनियाल ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम का उद्घाटन किया। शोभायात्रा में नगर क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने प्रतिभाग किया। इसके अलावा शोभायात्रा में विभिन्न स्वयं सहायता समूह की महिला मंडल कीर्तन की महिलाओं ने प्रतिभाग किया।

महिलाएं गढ़वाली परिधान धारण कर शोभायात्रा में शामिल हुए। यात्रा में देव डोली भी अपने नेजा निशान के साथ शामिल हुए। गढ़वाली वाद्य यंत्र ढोल दमाऊ की धुन पर श्रद्धालुओं ने गंगा घाट पर नृत्य किया।

मां गंगा को चुनरी समर्पित करने के बाद संघ की ओर से त्रिवेणीघाट पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। संघ के पदाधिकारियों ने लोगों को जल, जंगल और जीवन के प्रति जागरूक किया।

कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम जरूरी हैं। इससे लोगों की जल, जंगल और जीवन के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। इस मौके पर संघ की राष्ट्रीय महासचिव इंदरजीत कौर, राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव थपलियाल, प्रदेश अध्यक्ष सुशीला सेमवाल, राष्ट्रीय सह सचिव प्रमोद शर्मा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कपिल गुप्ता, अमनदीप सैनी, प्रमोद कुमार शर्मा, नितिश खंड़डूी, सोनम सेमवाल आदि मौजूद रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *