महाकुंभ में यूनिक ID Code से होगी विभागीय कर्मियों की पहचान, CM योगी ने तैयारियों को लेकर दिए जरूरी निर्देश
स्वदेशीटाइम्स, प्रयागराज: महाकुंभ की तैयारियों की प्रगति समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि महाकुंभ में सभी विभागों के कर्मचारियों की यूनिक आइडी कोड जारी की जाए, जिससे उनकी आसानी से पहचान हो सके।
पुलिस के साथ ही सभी विभागों के कर्मचारियों को विशेष ट्रेनिंग दी जाए, जिसमें उन्हें श्रद्धालुओं के प्रति बेहतर भाव प्रदर्शित करने के गुर सिखाए जाएं। मेला क्षेत्र में आने वाले श्रद्धालुओं के प्रति पुलिस का अच्छा व्यवहार हो, इसके लिए उन्हें अच्छे ढंग से प्रशिक्षित किए जाने के लिए कहा।
होमगार्ड व पीआरडी जवानों की लगेगी ड्यूटी
महाकुंभ में लगभग एक लाख पुलिस कर्मियों के साथ ही होमगार्ड व पीआरडी जवानों की ड्यूटी लगेगी। साथ ही लगभग 16 विभागों के 65 हजार कर्मचारियों व श्रमिकों तथा 26 हजार सफाई कर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। सभी का विशिष्ट पहचान कोड जारी होगा।
सफाई कर्मी, जलापूर्ति कर्ता, विद्युत विभाग से जुड़े लोगों की ट्रेनिंग कराने और उन्हें नेम प्लेट, यूनिफार्म व पहचान यूनिक कोड दिए जाने को लेकर जल्द ही कार्ययोजना तैयार कराने को कहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरक्षा का बेहतरीन वातावरण देना है, जिसके लिए ट्रैफिक मैनेजमेंट व भीड़ नियंत्रण के लिए एआइ टूल व साफ्टवेयर का प्रयोग बेहतर तरीके से किया जाए। उन्होंने महाकुभ मेला में एआइ तकनीकी का प्रयोग कर मेले में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की गणना किए जाने के लिए निर्देशित किया।
नावों का रेट हो फिक्स
मुख्यमंत्री ने संगम क्षेत्र के नाविकों का मूल्य निर्धारित करके उसे आनलाइन करने का निर्देश दिए। कहा कि नाविकों को प्रशिक्षण व लाइफ जैकेट उपलब्ध कराया जाए। साथ ही उनके साथ बैठक कर एक रेट फिक्स करने की कार्यवाही की जाए।
पर्याप्त संख्या में बढ़ाई जाएं ट्रेनें
मुख्यमंत्री ने रेलवे के कार्यों की समीक्षा करते हुए महाकुंभ के दृष्टिगत पर्याप्त संख्या में ट्रेनों को बढ़ाने व मेले में आने वाले बुजुर्गों की सुविधा के लिए रैंप की व्यवस्था करने को कहा। इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि जिस ट्रेन को जिस प्लेटफार्म पर आने की सूचना प्रसारित की जाए, वह उसी प्लेटफार्म पर ही आए, अंतिम समय में प्लेटफार्म में परिवर्तन न किया जाए।
गुणवत्ता के साथ पूर्ण हों कार्य
जल निगम के कार्यों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने सभी कार्यों को समय से गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाने के लिए निर्देश दिए। उन्होंने इसकी मानीटरिंग के लिए अलग से नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाने के लिए कहा।
परिवहन विभाग की समीक्षा करते हुए महाकुम्भ मेले के दृष्टिगत लगाई जाने वाली बसों की संख्या व पार्किंग के बारे में जानकारी लेते हुए कहा कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की कोई असुविधा न होने पाए, इसके लिए शटल बसों की व्यवस्था की जाए।
कांवर पथ और हेतापट्टी ब्रिज की मांग
सांसद फूलपुर प्रवीण पटेल तथा विधायक उत्तरी हर्षवर्धन वाजपेयी ने गंगा पर प्रस्तावित सलोरी-हेतापट्टी पुल की स्वीकृति की मांग उठाई। सांसद ने शास्त्री ब्रिज से अंदावा होते हुए हंडिया तक कांवर पथ की मांग उठाई। लाइट मेट्रो का कार्य शुरू कराने की मांग उठाई गई।
कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी, विधायक करछना पियूष रंजन निषाद, विधायक फाफामऊ गुरु प्रसाद मौर्य, विधायक शहर पश्चिमी सिद्धार्थनाथ सिंह, एमएलसी डा.केपी श्रीवास्तव द्वारा भी सुझाव दिए गए।
मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी, एडीजी भानु भाष्कर, मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत, पुलिस आयुक्त तरुण गाबा, एसएसपी मेला राजेश द्विवेदी, प्रभारी जिलाधिकारी गौरव कुमार, पीडीए उपाध्यक्ष अरविंद कुमार चौहन, नगर आयुक्त चंद्रमोहन गर्ग मौजूद रहे।
