सहकारी समितियों का किसानों पर 40 करोड़ से अधिक बकाया, अब वसूली की तैयारी; 30 जून तक का दिया समय
बांदा। बांदा-चित्रकूट धाम मंडल में बांदा और चित्रकूट जिलों में सहकारी समितियों का 40 करोड़ से अधिक की किसानों पर बकायेदारी है। ऋण वसूली के लिए बैंक सभापति और सहायक आयुक्त ने वसूली के लिए तैयारी शुरू कराई है। सभी उप महाप्रबंधकों को सख्त हिदायत दी गई है कि जल्द से जल्द वसूली कराकर दोबारा किसानों को ऋण प्रदान किया जाए।
जिला सहकारी कोआपरेटिव बैंक लिमिटेड बांदा सभागार में शनिवार को समितिवार हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया। सहकारी देयों की वसूली समीक्षा बैठक जनपद बांदा में 1878.23 लाख रुपये एवं जनपद चित्रकूट में 2279.01 लाख रुपये की बकायेदारी सामने आई है।
दोनों जिलों को मिलाकर कुल 4157.24 लाख रुपये बकाया होने पर बैंक सभापति पंकज अग्रवाल काफी नाराज हुए। उन्होंने कहा कि ऋणी सदस्यों से वसूली की जाए।
