देवरिया में दर्दनाक हादसा : अंदर सो रहे तीन साल के मासूम से बेखबर था परिवार, तभी झोपड़ी में लग गई आग; जिंदा जला

Spread the love

स्वदेशी टाइम्स, देवरिया : जिले के बनकटा के पकड़ी नरहिया में रविवार की सुबह रिहायशी झोपड़ी में लगी आग से ननिहाल आए तीन वर्षीय मासूम जिंदा जल गया। मासूम के जिंदा जलने की सूचना के बाद सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंच एसडीएम समेत अन्य अधिकारियों ने परिवार के लोगों को सांत्वना देने के साथ ही आर्थिक मदद व अन्य सामान भी उपलब्ध कराया। मासूम के जिंदा जलने के बाद परिवार में मातम छा गया।

  • बिहार के राजेश की पत्नी बेटे संग आई थी मायके

पड़ोसी प्रांत बिहार के सिवान जनपद के तरवारा मोड़ के रहने वाले राजेश प्रसाद की ससुराल बनकटा के पकड़ी नरहिया में दूधनाथ के यहां हैं। इस समय राजेश की पत्नी सरिता अपने तीन वर्षीय बेटे रोशन के साथ अपने मायके आई हुई थी।

  • झोपड़ी में आग लगने से झुलस गया रोशन

रविवार की सुबह परिवार के कुछ लोग गेहूं की कटाई करने चले गए। जबकि कुछ लोग ही घर पर थे। राजेश का बेटा रोशन भी झोपड़ी में ही था। अचानक झोपड़ी में आग लग गई। बताया जा रहा है कि परिवार के लोग भाग बाहर निकल गए और आग बुझाने लगे। रोशन के अंदर होने की किसी को भनक नहीं लगी। जब लोगों ने आग को बुझाने सफलता पाई और रोशन की तलाश शुरू हुई तो रोशन का शव तख्त के नीचे था।

यह देख परिवार के लोगों के साथ ही अन्य लोगों की भी आंखें भर आई और दहाड़ मारकर रोने लगे। एसडीएम हरिशंकर लाल, नायब तहसीलदार डा.भागीरथी सिंह समेत अन्य अधिकारी भी पहुंच गए।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *