UP: हाईवे पर सड़क हादसा, कंटेनर-ट्रॉली की टक्कर में 8 की मौत, 45 घायल
स्वदेशी टाइम्स, बुलंदशहर: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में रविवार देर रात दर्दनाक हादसा हुआ। खर्जा में हाईवे पर श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली में कंटेनर ने भीषण टक्कर मार दी। हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 45 लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यूपी के बुलंदशहर के खुर्जा में बड़ा सड़क हादसा हुआ है। नेशनल हाईवे 34 पर अरनिया इलाके के घटाल गांव के पास श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली को कंटेनर ने पीछे से टक्कर मार दी। ट्रॉली सवार श्रद्धालुओं में से आठ की मौत हो गई और 45 लोग घायल हैं। मौके पर डीएम श्रुति और एसएसपी दिनेश कुमार सिंह पहुंचे। उन्होंने घायलों का हालचाल जाना।
जानकारी के अनुसार, बुलंदशहर के अरनिया थाना इलाके स्थित घटाल गांव के पास तेज रफ्तार कंटेनर ने ट्रैक्टर ट्रॉली में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में ट्रॉली सवार सभी श्रद्धालु इधर-उधर जा गिरे। हादसे की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस वाहन, एंबुलेंस और राहगीरों की मदद से घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
