Kannauj में तेज रफ्तार थार का कहर, बाइक सवार तीन दोस्तों की मौत; चौथे की हालत गंभीर

स्वदेशी टाइम्स , कन्नौज : उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में तेज रफ्तार थार ने बाइक सवार चार युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार चारों युवक उछलकर करीब 15 से 20 मीटर दूर जा गिरे। हादसे में बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

यह दुर्घटना सोमवार देर रात इंदरगढ़ थाना क्षेत्र में हुई। जानकारी के अनुसार, अगौस गांव के रहने वाले चार दोस्त एक ही बाइक पर सवार होकर कहीं जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार थार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

100 से 120 की रफ्तार में थी थार, कई मीटर दूर जा गिरे युवक

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय थार की रफ्तार करीब 100 से 120 किलोमीटर प्रति घंटा होने का अनुमान है। तेज गति से आई गाड़ी ने बाइक को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि चारों युवक सड़क पर कई मीटर दूर जा गिरे। बाइक के परखच्चे उड़ गए और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे में मनीष कुमार (28), वेद प्रकाश (40) और विजेंद्र (35) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, चौथा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। फिलहाल उसकी पहचान की जानकारी सामने नहीं आई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए कानपुर रेफर कर दिया गया।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही तीन युवकों की मौत

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

डॉ. भीमराव अंबेडकर राजकीय मेडिकल कॉलेज के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दिलीप सिंह ने बताया कि सोमवार देर रात चार लोगों को अस्पताल लाया गया था। इनमें से तीन की पहले ही मौत हो चुकी थी, जबकि चौथा युवक गंभीर रूप से घायल था। उसकी हालत नाजुक होने के कारण उसे बेहतर उपचार के लिए कानपुर रेफर किया गया।

रात 11:30 बजे घर से निकले थे चारों दोस्त

हादसे के बाद अगौस गांव में मातम पसरा हुआ है। तीन युवकों की मौत से उनके परिवारों में कोहराम मचा है, जबकि घायल युवक की जिंदगी बचाने के लिए उपचार जारी है।

मृतकों में से एक के भाई रघुवीर सिंह ने बताया कि चारों युवक सोमवार रात करीब 11:30 बजे घर से निकले थे। परिजनों को सुबह उनके साथ हुए हादसे की सूचना मिली। इसके बाद परिवार के लोगों में चीख-पुकार मच गई।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे के कारणों और थार चालक के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आने का इंतजार है।